Friday, June 20निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

एक कन्या की शिक्षा कई पीढ़ियां संवारती है : डॉ. महेंद्रा

सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की पूर्व सदस्य डॉ. विजयलक्ष्मी महेन्द्रा ने कहा है कि महिला शिक्षा से बड़ा कोई दान एवं पुण्य नहीं हो सकता। एक कन्या को यदि शिक्षित किया जाता है तो उससे कई परिवारों की पीढ़ियों का भविष्य संवरता है।
उन्होंने यह बात यहां अग्रवाल गर्ल्स कॉलेज द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही। समारोह में आरबीएसई व सीबीएसई की सीनियर सैकंडरी की परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता अर्जित करने वाली छात्राएं उपस्थित थीं। विशिष्ट अतिथि चौ. बल्लूराम गोदारा राजकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. आशा शर्मा ने उपस्थित सभी सफल छात्राओं को बधाई दी और कॉलेज प्रबंध समिति के प्रयासों की सराहना की। दोनों अतिथियों ने छात्राओं को सम्मानित किया।
माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। प्राचार्य डॉ. अरुण वत्स ने बताया कि बीए, बीकॉम, बीएससी, बीसीए पाठ्यक्रम के साथ यहां नियमित छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नि:शुल्क करवाई जाती है। अतिथियों ने कॉलेज के नए ब्रॉशर का भी विमोचन किया।
निदेशक डॉ. ओपी गुप्ता ने घोषणा की कि 4 से 7 जून तक जो छात्राएं अग्रवाल गर्ल्स कॉलेज में प्रवेश लेंगी, उन्हें पूर्व में घोषित स्कॉलरशिप के साथ एक हजार रुपए की छूट ट्रस्ट की ओर से दी जाएगी। कॉलेज छात्राओं प्रियंका, दिशा, मुस्कान, प्रियंका व सिमरन ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। संयोजन डॉ. दीपमाला गर्ग और डॉ. मोनिका टांटिया ने किया। ट्रस्ट चेयरमैन श्री श्याम सुंदर गीदड़ा ने कार्यक्रम की सफलता का पूरा श्रेय कॉलेज परिवार को दिया।