कब्जाधारी जनहित में आगे आकर हटाएं घग्घर बहाव क्षेत्र में किए कब्जे : दादरी
by seemasandesh
प्रशासन से की अपील, बिना किसी राजनैतिक हस्तक्षेप के हटाए जाएं कब्जे हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी ने घग्घर बहाव क्षेत्र में अतिक्रमण करने वाले कब्जाधारियों से अपील की है कि वे स्वयं इस आपदा के बाद जनहित में आगे आकर स्वयं अपने कब्जे हटाएं। साथ ही बंधे बनवाने के लिए प्रशासन को कहें। प्रशासन से भी अपील करते हुए कहा कि इस विपदा के निकलने के बाद बिना किसी राजनैतिक हस्तक्षेप के घग्घर बहाव क्षेत्र में हुए कब्जे हटाए जाएं चाहे कब्जाधारी कितनी ही ऊपर तक पहुंच क्यों न रखता हो। इस कार्य में कांग्रेस का कार्यकर्ता भी सहयोग रहेगा। जिलाध्यक्ष नियुक्त होने के बाद शनिवार को प्रेस वार्ता में पहली बार मीडिया से रूबरू हुए डीसीसी अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी ने बताया कि बाढ़ के खतरे को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं की जगह-जगह ड्यूटी लगाई गई है। गांवों में भोजन की व्यवस्था की जा रही है। बंधों को मजबूत करने के लिए कट्टे व मिट्टी उपलब्ध करवा रहे हैं। घग्घर बहाव क्षेत्र में घूमकर बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सुझाव भी राज्य सरकार और संगठन को भिजवाए जा रहे हैं। रोजाना जिले का फीडबैक दिया जा रहा है। राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास आयोग अध्यक्ष (राज्य मंत्री) पवन गोदारा ने कहा कि घग्घर नदी में पानी की आवक बढ़ने के बाद से ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को राहत कांग्रेस कमेटी में तब्दील किया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टीम घग्घर बहाव क्षेत्र में मौके पर गई। पार्टी से जुड़े सरपंचों सहित अन्य जनप्रतिनिधि मिलकर तटबंधों को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। जिला प्रशासन और राजस्थान सरकार पूरी तरह से सतर्क है। पहली बार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सब मिलकर इस स्थिति से पार पाने का प्रयास कर रहे हैं। यह काम आने वाले दो-तीन दिनों के लिए बड़ा महत्वपूर्ण है। गांवों में तटबंधों की मजबूती का कार्य तकरीबन पूरा हो चुका है। लेकिन शहरी क्षेत्र के तटबंधे अभी कमजोर हैं। अगर सभी तटबंधे मजबूत होंगे तो घग्घर नाली बेड में बाढ़ के खतरे को टाला जा सकता है। इसके लिए सभी को टीम भावना के रूप में कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी की ओर से कंट्रोल रूम बनाकर पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से अपनी तरफ से प्रशासन को आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाए जाएंगे। प्रधान प्रतिनिधि दयाराम जाखड़ ने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों में बाढ़ का खतरा है, वहां के सरपंच, जिला परिषद सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि तटबंधों को मजबूत करने के कार्य में जुटे हुए हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम विकास अधिकारी, एलडीसी, राजस्व पटवारी, एईएन, जेईएन की ड्यूटी लगाई गई है तो दिन-रात मुस्तैद हैं। पंचायत समिति की ओर से मशीन, कट्टे सहित अन्य संसाधन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। प्रेस वार्ता में जिला प्रमुख कविता मेघवाल, विधायक प्रतिनिधि भूपेन्द्र चौधरी, कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गुरमीत सिंह आदि मौजूद थे।