Monday, October 6निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

खेत में मृत मिला युवक, पिता ने करवाया गला दबा कर हत्या का मामला दर्ज

श्रीगंगानगर (राजियासर)

थाना क्षेत्र की मोकलसर पंचायत के चक 99.150 आरडीआर के एक खेत में शनिवार सुबह एक व्यक्ति मृत पाया गया। युवक एक रात पहले घर से बाहर था तथा अपने दोस्त के साथ ही था। सुबह उसके पिता को उसके दोस्त ने ही युवक की मौत की जानकारी दी। इस पर पिता ने युवक के दोस्त के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है।

मोकलसर का रहने वाला है युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीस वर्षीय मृतक हेतराम मोकलसर का निवासी है। वह शनिवार सुबह मोकलसर के ही भीखू सिंह राजपूत के खेत में मृत पाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि हेतराम भीखू सिंह राजपूत के पुत्र महेंद्र राजपूत का दोस्त था। घटना से एक दिन पहले दोनों अर्जुनसर में घूमते देखे गए। दोनों शुक्रवार शाम से घर से गायब थे और पूरी रात घर नहीं आए।

दोस्त ने दी मौत की जानकारी
शनिवार सुबह महेंद्र राजपूत ने हेतराम के पिता मनीराम को बताया कि हेतराम उठ नहीं रहा है। इस पर हेतराम के पिता ने मौके पर जाकर देखा तो उसके शरीर में कोई हलचल नजर नहीं आई। इस पर राजियासर पुलिस को सूचना दी गई। हेतराम को पुलिस ने राजियासर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को राजियासर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

करवाया हत्या का मामला दर्ज
इस संबंध में हेतराम के पिता मनीराम ने महेंद्र राजपूत पर हेतराम की हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया। इसमेंं आरोप लगाया गया कि महेंद्र राजपूत ने हेतराम को गला दबाकर मार दिया। शाम को मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *