श्रीगंगानगर
सूर्य देव इलाके पर दया करने के मूड में फिलहाल बिलकुल नजर नहीं आ रहे हैं। आलम यह है कि मंगलवार को जितना अधिकतम तापमान रहा बुधवार को लगभग उतना ही तापमान सुबह 11 बजे ही दर्ज कर लिया गया।
यानी मंगलवार को जितनी गर्मी पड़ी उतनी तपन बुधवार सुबह 11 बजे ही हो गई थी। दोपहर तक इस तापमान में करीब तीन डिग्री वृद्धि की उम्मीद औसतन रहती है। ऐसे में दिन का अधिकतम तापमान बुधवार को मंगलवार के मुकाबले ज्यादा रहने की संभावना है। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस था जबकि बुधवार को सुबह 11 बजे ही तापमापी का पारा 41 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
सुबह से ही तपन का दौर
इलाके में बुधवार को सुबह से ही गर्मी रही। इस दौरान सुबह धूप निकलने के साथ ही गर्मी शुरू हो गई, जिसका असर दोपहर में बेहद तेज हो गया। शहर की कॉलोनियों में तो अघोषित लॉकडाउन के हालात थे वहीं मुख्य सड़कों पर भी केवल चार पहिया वाहनों की आवाजाही ज्यादा थी। अधिकांश प्रमुख मार्गों पर सन्नाटा पसरा रहा।
रात में भी रहती है गर्मी
इलाके में गर्मी का असर दिन के साथ रात में भी बना रहता है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान ही 30 डिग्री सेल्सियस था यानी रात को भी तापमान तीस डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ऐसे में रात की तपन का असर दिन तक बना हुआ है।
