Friday, July 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

तीन बच्चियों के साथ जिला कलक्टर की चौखट पर पहुंची महिला

  • पति पर लगाया मारपीट करने का आरोप
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    घरेलू हिंसा की शिकार गांव पक्कासारणा की एक महिला शुक्रवार को अपनी तीन बच्चियों के साथ जिला कलक्टर रुक्मणि रियार सिहाग के पास पहुंची और अपनी परिवेदना प्रस्तुत की। महिला का कहना था कि उसके पति की ओर से शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की जाती है। वह खुद मनरेगा में दिहाड़ी-मजदूरी करती है। उन पैसों से उसका पति शराब पी जाता है। उसका जेठ व उसके लड़के भी लड़ाई-झगड़ा व मारपीट करते हैं। गुरुवार को उसके जेठ ने घर में घुसकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। उस समय उसके जेठ के लड़के भी वहां मौजूद थे। इन्होंने उसके साथ मारपीट भी की। उस समय उसका पति घर में शराब के नशे में लेटा हुआ था लेकिन उसने छुड़ाने की कोशिश नहीं की। महिला ने जिला कलक्टर से उचित कार्यवाही करने की गुहार लगाई। मीडिया से बात करते हुए जिला कलक्टर रुक्मणि रियार सिहाग ने बताया कि उक्त महिला उनके पास आई थी। महिला ने उन्हें बताया कि वह घरेलू हिंसा की शिकार है। जिला कलक्टर ने कहा कि प्रशासन का पूरा प्रयास रहेगा कि महिला व उसकी बच्चियों की कानूनी व प्रशासनिक मदद की जा सके। इस संबंध में सामाजिक न्याय अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उपखण्ड अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे काउंसलिंग कर महिला के पति को समझाएं। अगर इसके बाद भी महिला के साथ किसी प्रकार की हिंसा होती है तो उसके पति को 107, 151 में पाबंद करेंगे। कोशिश रहेगी कि सखी सेंटर में कानूनी अधिकार के तहत कार्यवाही की जाए। साथ ही जिला कलक्टर ने कहा कि इस तरह के मामलों में कोई महिला पीड़ित है और वह सहयोग चाहती है तो प्रशासन उनकी मदद करने के लिए तत्पर है। अगर किसी महिला के साथ किसी भी तरह का जुल्म हो रहा है तो वह न सहें। प्रशासन के पास आएं। प्रशासन का पूरा प्रयास रहेगा कि वह संबंधित महिला के साथ खड़ा रहे। उधर, समाज कल्याण अधिकारी विक्रमसिंह ने बताया कि जिला कलक्टर की ओर से यह प्रकरण उपखण्ड अधिकारी को प्रेषित किया गया है। महिला व उसकी बच्चियों को एकबारगी सखी सेंटर भेजा गया है। साथ ही महिला पुलिस थाना के जरिए अग्रिम कार्यवाही करवाई जा रही है।