Tuesday, October 28निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

नाले में जगह-जगह पेड़ और झाडिय़ा, मरम्मत कार्य भी पूरा नहीं

बीकानेर. शहर में लाखों रुपए की लागत से नाला मरम्मत के कार्य चल रहे है। नाला मरम्मत कार्य में चल रही ढिलाई और प्रभावी मॉनिटरिंग के अभाव में बड़ी राशि खर्च होने के बाद भी लोग परेशान हो रहे है। दशनाम गोस्वामी चौक से श्रीरामसर की ओर जाने वाले नाले की मरम्मत का कार्य ढाई साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि सिल्ट निकालने, कुछ स्थानों पर पुलिया निर्माण का कार्य अब भी बाकी है।

निगम अधिशाषी अभियंता पवन बंसल के अनुसार टेण्डर अनुसार इस नाले का लगभग कार्य पूरा हो चुका है। पुलिया के लिए स्थान निश्चित नहीं होने तथा कुछ समय कोरोना महामारी के कारण देरी हुई। अब लगभग कार्य पूरा हो चुका है। सिल्ट निकाली जा रही है। मरम्मत कार्य, प्लास्टर का कार्य भी हो चुका है। जल्द शेष कार्य पूरे हो जाएंगे।

आयुक्त करे निरीक्षण
पूर्व उप महापौर अशोक आचार्य के अनुसार नाला मरम्मत कार्य में हो रही देरी को लेकर कई बार निगम और प्रशासन के अधिकारियों से सम्पर्क किया, पत्र भी दिए। लेकिन कार्य की गति नहीं बढ़ी। अब भी कई कार्य बाकी है। मानसून सिर पर है। नाले में जगह-जगह पेड़ और झाडिय़ा है। सिल्ट भी पड़ी है। पुलिया बनाने का काम भी बाकी है। आचार्य के अनुसार कार्य समय पर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरे हो इसके लिए प्रत्येक कार्य की आयुक्त स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग आवश्यक है। आयुक्त को चल रहे कार्यो का मौका मुआयना भी करना चाहिए, जिससे कार्य की वास्तविक प्रगति उनके सामने आ सके।

बढ़ाई समयावधि के बाद भी कार्य पूरा नहीं
निगम की ओर से इस नाला निर्माण कार्य को लेकर कार्य पूरा करने की अवधि दिसम्बर २०२० तक बढ़ाई गई थी। इस बढाई समयावधि को भी बीते छह माह हो चुके है। निगम अधिकारी भी कुछ कार्यो के बाकी होने की बात कह रहे है। निगम निर्माण शाखा के अनुसार नाला मरम्मत का कार्य १४५ लाख रुपए की लागत से हो रहा है। संबंधित फर्म की ओर से कार्य करने के बाद अब तक १ करोड १ लाख रुपए से अधिक राशि के बिल निगम में प्रस्तुत किए जा चुके है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *