चंडीगढ़
फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह के निधन पर पूरे देश में शोक का माहौल है। हर व्यक्ति अपने-अपने तरीके से उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है। चंडीगढ़ के एक आर्टिस्ट वरुण टंडन ने मिल्खा को अनोखे अंदाज में श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कबूतर के पंख पर मिल्खा सिंह की तस्वीर को उकेरा है। वरुण ने कहा कि आजादी के बाद मिल्खा ने ही भारत का नाम दुनियाभर में रोशन किया था।
”चंडीगढ़ ही नहीं भारत के गौरव थे मिल्खा”
वरुण ने कहा कि मिल्खा सिर्फ चंडीगढ़ ही नहीं, बल्कि भारत के गौरव थे। वे सभी युवाओं के आदर्श थे। उनका इस दुनिया से जाना देश के लिए बड़ा नुकसान है। अंग्रेजों की गुलामी के बाद भारत पूरी दुनिया में अपनी छवि सुधारने की कोशिश में लगा था। तब 1956 मेलबर्न ओलिंपिक में मिल्खा ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था। 1958 में उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को गोल्ड दिलाया। यहां से भारत की पहचान शुरू हुई।
”छत पर टहलने के दौरान पंख का आइडिया मिला”
वरुण ने कहा कि कोरोना होने तक मिल्खा लगातार एक्टिव रहते थे। वे सब को फिट रहने के लिए मोटिवेट करते थे। उनके निधन के बाद मेरे दिल में विचार आया कि कैसे उन्हें श्रद्धांजलि दूं। मैं छत पर टहल रहा था, तभी मुझे वहां पंख गिरा मिला। इसी पर मैंने फ्लाइंग सिख की तस्वीर उकेरी है। इसको लंबे समय तक मिल्खा की याद के रूप में सहेज कर रखा जा सकता है।
शुक्रवार रात 11:30 बजे मिल्खा का निधन
पूर्व भारतीय लीजेंड स्प्रिंटर मिल्खा सिंह का निधन पोस्ट कोरोना रिकवरी के दौरान शुक्रवार रात 11:30 बजे हो गया। वे 91 साल के थे। 5 दिन पहले उनकी पत्नी निर्मल कौर का पोस्ट कोविड कॉम्प्लिकेशंस के कारण निधन हो गया था।
मिल्खा सिंह का चंडीगढ़ के PGIMER में 15 दिनों से इलाज चल रहा था। उन्हें 3 जून को ऑक्सीजन लेवल गिरने के कारण ICU में भर्ती कराया गया था। 20 मई को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

बलबीर सिंह सीनियर की तस्वीर और उसे बनाते वरुण टंडन (दाएं)।
हॉकी स्टिक की मदद से बलबीर सिंह की तस्वीर बनाई
वरुण ने पिछले साल भारतीय हॉकी के लीजेंड बलबीर सिंह सीनियर को भी श्रद्धांजलि दी थी। उन्होंने पेंटिंग ब्रश की बजाय हॉकी स्टिक और बॉल की मदद से बलबीर सिंह की तस्वीर बनाई थी। ये तस्वीर चंडीगढ़ के हॉकी स्टेडियम में उनके 97वीं जयंती के अवसर पर लगाई गई थी। बलबीर सिंह का पिछले साल 25 मई को निधन हो गया था।
वरुण ने स्पाइस किंग धरमपाल को भी दी थी श्रद्धांजलि
इससे पहले वरुण अपनी कलाकृति से मसाले के ब्रैंड MDH के संस्थापक महाशय धरमपाल गुलाटी को भी श्रद्धांजलि थी थी। उन्होंने मसाले से ही धरमपाल गुलाटी की तस्वीर उकेरी थी और उन्हें स्पाइस किंग नाम दिया था। धरमपाल का पिछले साल 3 दिसंबर को कार्डियक अरेस्ट की वजह से निधन हो गया था।
