बीकानेर.
शहर में सड़कों के निर्माण में राजनैतिक भेदभाव का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को भाजपा पदाधिकारियों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अधिकारियों का घेराव कर रोष प्रकट किया।
भारतीय जनता पार्टी बीकानेर शहर के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में सर्किल अधीक्षण अभियंता डीपी सोनी का घेराव कर बीकानेर में विकास के नाम पर हो रहे राजनैतिक भेदभाव के लिए जवाब तलब किया। भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार में मंत्री डॉ. बीडी कल्ला के दबाव में बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र का विकास रोका जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार प्रत्येक विधानसभा के लिये नॉन पेचेबल सड़को एवं मिसिंग लिंक के लिए 5 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई थी। उन्होंने बताया कि पूर्व विधानसभा क्षेत्र की विधायक सिद्धि कुमारी ने 17 प्रस्ताव निर्माण विभाग को भेजे थे, लेकिन विभाग ने 17 प्रस्तावों में से महज एक करोड़, 35 लाख के 4 प्रस्ताव स्वीकृत किए हैं। शेष शेष कार्य नगर निगम एवं न्यास क्षेत्र की सीमा में होने का आक्षेप लगाते हुए शामिल नहीं किए। जबकि दूसरी तरफ पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 5 करोड़ की लागत से 24 प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की है, उनमें अधिकतर सड़कें नगर निगम के क्षेत्राधिकार की है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य एवं जिला महामंत्री मोहन सुराणा बताया िक कांग्रेस पार्टी के इशारे पर अगर इसी प्रकार भेदभाव किया गया तो भाजपा को मजबूरन आंदोलन पर उतरना पड़ेगा। इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री अरुण जैन, कौशल शर्मा, सुधीर व्यास, मनोज पुरोहित, विजय शर्मा तथा बीकानेर डिवीजन के अतिरिक्त मुख्य अभियंता सुधीर माथुर भी उपस्थित थे।
