Sunday, October 6निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राजस्थान के सरकारी स्कूलों में अब नए बर्तनों में खाना खाएंगे बच्चे

सिरोही। सिरोही जिला सहित प्रदेशभर के सरकारी विद्यालयों में मिड-डे मील योजना के तहत आगामी दिनों में विद्यार्थी नए बर्तनों में भोजन करेंगे। खासतौर पर जिन स्कूलों में पांच वर्ष से अधिक पुराने बर्तन स्टोर में पड़े है, उन्हें बदला जाएगा। विभाग की ओर से प्रदेश के सभी जिलों से इसका प्रस्ताव मांगा गया है। नए बर्तन खरीदने के लिए विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार बजट स्वीकृत किया गया है। यह बजट विद्यार्थियों की नामांकन संख्या के अनुसार जारी किया गया है। इसके अलावा जो नए विद्यालय खोले गए हैं, उनका भी प्रस्ताव मांगा गया है। ताकि बर्तनों की व्यवस्था की जा सके।
कई स्कूलों में लंबे समय से बर्तनों की खरीद नहीं होने के कारण बर्तनों की स्थिति खराब हो गई है। विद्यार्थी पुराने बर्तनों में ही भोजन कर रहे थे। इसे देखते हुए नए बर्तन खरीदने का फैसला लिया गया। सिरोही जिले के सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य से इसका प्रस्ताव मंगवाकर विभागीय अधिकारियों को भेज दिया गया है।
विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार बजट स्वीकृत
शिक्षा विभाग ने नए बर्तन उपलब्ध कराने के लिए स्कूलों से प्रस्ताव मंगवा लिया है। अब विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार स्कूलों का बर्तन खरीद के लिए बजट आवंटन किया जाएगा।
सिरोही जिले में 658 स्कूलों में खरीदे जाएंगे नए बर्तन
सिरोही जिले में 658 स्कूलों में नए बर्तन खरीदे जाएंगे। जिले के स्कूलों में बर्तन कई साल पुराने हो गए हैं, लेकिन अब जल्द ही बच्चे नए बर्तनों में पोषाहार चख सकेंगे। जिले में सबसे अधिक स्कूल आबूरोड व रेवदर ब्लॉक के है, जहां नए बर्तनों की खरीद होगी।
स्कूलों में यह बर्तन खरीदे जाएंगे
भंडारण के बर्तन: लोहे की बड़ी टंकी, आटा रखने की टंकी
खाना बनाने के बर्तन: आटे की बड़ी परात, बड़ा भगोना ढक्कन सहित, कुकर, चम्मच, बड़ा तवा
खाना परोसने के बर्तन: तश्तरी, बाल्टी, बड़े चम्मच, जग
खाना खाने के बर्तन : तीन खंड की थाली
विद्यार्थी नामांकन खरीद की राशि
1 से 50 10 हजार रुपए
51 से 150 15 हजार रुपए
151 से 250 20 हजार रुपए
250 से अधिक 25 हजार रुपए
सिरोही जिले में 658 स्कूलों में खरीदे जाएंगे नए बर्तन
ब्लॉक स्कूलों की संख्या, जिनमें नए बर्तनों की डिमांड
आबूरोड 216
पिण्डवाड़ा 191
रेवदर 173
शिवगंज 63
सिरोही 15
नए बर्तनों के लिए जिलेभर के विद्यालयों से प्रस्ताव मांगे थे। डिमांड के अनुसार प्रस्ताव बनाकर आगे भेज दिया है। इसके आधार पर विद्यालयों में बजट स्वीकृत होगा। – मांगी लाल गर्ग, जिला शिक्षा अधिकारी, सिरोही