मैनेजमेंट पर सुनवाई नहीं करने का आरोप हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। वेतन में बढ़ोतरी नहीं करने से नाराज जंक्शन के सरस्वती कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय की अध्यापिकाएं बुधवार को विद्यालय प्रांगण में धरने पर बैठ गर्इं। उन्होंने विद्यालय का संचालन करने वाली जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया। धरने पर बैठी अध्यापिकाओं का कहना था कि कई वर्षों से उनके वेतन में बढ़ोतरी नहीं की गई। मैनेजमेंट भी सुनवाई नहीं कर रही। अन्य अध्यापकों का वेतन तो बढ़ा दिया गया है परन्तु अध्यापिकाओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। प्रधानाचार्य की बात भी नहीं सुनी जाती। छह साल में सिर्फ एक बार वेतन बढ़ाया गया है। मात्र सात हजार रुपए वेतन दिया जा रहा है। महंगाई के दौर में इतने वेतन में घर चलाना मुश्किल हो गया है। अध्यापिकाओं का आरोप था कि विद्यालय में महिलाओं के साथ मैनेजमेंट का व्यवहार भी अच्छा नहीं है। मंगलवार को विद्यालय में मैनेजमेंट आई थी। उनसे वेतन बढ़ोतरी के संबंध में बात की तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। मजबूर होकर अध्यापिकाओं को धरने पर बैठना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक वेतन में बढ़ोतरी की जाती है तब तक धरना चलता रहेगा। धरने के चलते विद्यालय में शिक्षण कार्य प्रभावित हुआ। धरने पर संतोष, अंजू बंसल, बबीता सहित अन्य अध्यापिकाएं बैठीं। उधर, जन कल्याण समिति सचिव अमरनाथ सिंगला ने कहा कि अध्यापिकाओं ने कई दफा वेतन बढ़ोतरी की बात कही है। उन्हें कहा गया है कि वेतन बढ़ोतरी के संबंध में लिखित में दें तो विचार किया जाएगा। उन्होंने महिला स्टाफ के साथ बदतमीजी करने के आरोपों को सिरे से नकार दिया।