Monday, July 8निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

शेयर बाजार में बढ़त का सिलसिला टूटा:सेंसेक्स 271 पॉइंट गिरकर 52,501 पर बंद; निफ्टी भी 15,800 के नीचे आया, मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट

मुंबई

शेयर बाजार में लगातार 4 दिन से जारी बढ़त पर बुधवार को ब्रेक लग गया है। सेंसेक्स 271 पॉइंट नीचे 52,501 पर बंद हुआ है। इसी तरह निफ्टी इंडेक्स भी 101 पॉइंट गिरकर 15,767 पर बंद हुआ है। निवेशकों ने आज सबसे ज्यादा मेटल सेक्टर के शेयरों की बिकवाली की। नतीजतन, निफ्टी मेटल इंडेक्स 2.85% फिसलकर 5,216 पर आ गया है। साथ ही सरकारी बैंकिंग और रियल्टी शेयरों में भी गिरावट रही।हालांकि, FMCG और IT सेक्टर में हल्की खरीदारी हुई।

रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंडसइंड बैंक के शेयर टूटे
सेंसेक्स में शामिल 30 में 22 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें पावर ग्रिड, इंडसइंड बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही। जबकि इंडेक्स में नेस्ले इंडिया का शेयर सबसे ज्यादा 1.48% बढ़कर 17,941 रुपए पर बंद हुआ है।

ब्रोकरेज एंड रिसर्च कंपनी ICICI सिक्योरिटीज के मुताबिक निफ्टी इंडेक्स अगले 12 महीने में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाएगा। इंडेक्स 2022 तक 17,250 के लेवल को पार कर जाएगा, जो इस हफ्ते 15,900 के रिकॉर्ड लेवल को टच किया। ऐसे में रिसर्च कंपनी ने SBI, गेल, HDFC बैंक के शेयरों पर खरीदारी की सलाह दी है।

एक्सचेंज पर 1,797 शेयरों में गिरावट
BSE पर 3,355 शेयरों में कारोबार हुआ, जिसमें से 1,436 शेयर बढ़त और 1,797 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। बाजार में गिरावट के बावजूद 484 शेयरों ने एक साल के सबसे ऊंचे स्तर को छुआ। हालांकि, चौतरफा बिकवाली से एक्सचेंज पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप घटकर 229.69 लाख करोड़ रुपए हो गई, जो मंगलवार को 231.58 लाख करोड़ रुपए था।
एशियाई बाजारों में कमजोरी
जापान के निक्केई इंडेक्स 146 पॉइंट फिसलकर 29,295 पर बंद हुआ है। चीन का शंघाई कंपोजिट भी 38 पॉइंट गिरकर 3,518 पर बंद हुआ है। हांगकांग के हेंगसेंग इंडेक्स भी 186 पॉइंट फिसलकर 28,451 पर बंजद हुआ है। हालांकि, कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में 20 अंकों की बढ़त रही। इसी तरह ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डनरीज भी सपाट 7,6333 पर बंद हुआ है।

मंगलवार को अमेरिकी बाजार में गिरावट रही। डाउ जोंस 0.27% की कमजोरी के साथ 94 अंक नीचे 34,420 पर बंद हुआ। नैस्डैक 0.71% की गिरावट के साथ 101 अंक नीचे 14,171 पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स 9 पॉइंट नीचे 4246 पर बंद हुआ था। इधर, फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी के बाजार मजबूती के साथ बंद हुए।

FII और DII डेटा
NSE पर मौजूद प्रोविजनल डेटा के मुताबिक, 15 जून को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुद्ध रूप से 633 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। यानी उन्होंने जितने रुपए के शेयर बेचे, उससे इतने ज्यादा के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने शुद्ध रूप से 649 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *