Monday, July 8निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

श्री गणेश मंदिर धाम में महा रुद्राभिषेक:श्री गणेश मंदिर धाम में 151 जोड़ों ने 51 पार्थिव शिवलिंगों ​​​​​​​का किया रुद्राभिषेक

अनूपगढ़

सावन के महीने में विशेष रूप से भगवान शिव की आराधना की जाती है, माना जाता है कि भगवान शिव की आराधना करने पर सभी मनोकामना पूर्ण होती है। सावन के महीने में रुद्राभिषेक का भी विशेष महत्व रहता है। सावन महीने में अनूपगढ़ के श्री गणेश मंदिर धाम में रविवार शाम महा रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन भारत विकास परिषद और श्री गणेश सेना के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

151 यजमानों ने लिया भाग

कार्यक्रम में अनूपगढ़ क्षेत्र के 151 जोड़ों ने भाग लेकर भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। इस अवसर पर राजस्थान से पधारे शास्त्रीगणों के द्वारा मंत्रों का उच्चारण कर रुद्राभिषेक पूर्ण करवाया गया।यह रुद्राभिषेक रविवार शाम 7.15 बजे शुरू हुआ कार्यक्रम का समापन रात 12 बजे के लगभग हुआ। कार्यक्रम के दौरान श्री गणेश मंदिर धाम के पुजारी राजेश शास्त्री ने श्रद्धालुओं को रुद्राभिषेक का महत्व बताया।

51 पार्थिव शिवलिंगों पर किया गया रुद्राभिषेक

श्री गणेश मंदिर धाम के मुख्य पुजारी राजेश शास्त्री ने बताया कि रविवार शाम आयोजित महा रुद्राभिषेक कार्यक्रम में क्षेत्र के 151 जोड़ों ने भाग लिया। इन जोड़ों के द्वारा विधि विधान से रुद्राभिषेक किया गया। उन्होंने बताया कि 151 जोड़ों के द्वारा 51 पार्थिव शिवलिंगों का बेलपत्र, दूध, दही, शहद, पुष्प, धतूरा, भांग सहित अन्य सामग्री से रुद्राभिषेक किया गया है। उन्होंने बताया कि एक पार्थिव शिवलिंग पर 3 जोड़ों और एक पुजारी के द्वारा रुद्राभिषेक की प्रक्रिया को पूर्ण किया गया।

पुष्प वर्षा कर यजमानों का किया स्वागत

भारत विकास परिषद और श्री गणेश सेना के द्वारा रुद्राभिषेक कार्यक्रम में भाग लेने वाले यजमानों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।भारत विकास परिषद के अध्यक्ष विपिन चुघ ने बताया कि भारतीय संस्कृति का निर्वाह करते हुए पुष्प वर्षा कर सभी अतिथियों का स्वागत किया गया है।

सावन में सोमवार के दिन रुद्राभिषेक का महत्त्व

पुजारी राजेश शास्त्री ने बताया कि रुद्राभिषेक का अर्थ है भगवान रूद्र अर्थात् शिव का अभिषेक। उन्होंने बताया कि हिंदू धर्म के अनुसार भगवान शिव का रूप शिवलिंग में देखा जाता है इसलिए इसका अर्थ हुआ शिवलिंग का अभिषेक। सावन के महीने में रुद्राभिषेक का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन के सोमवार के दिन भगवान शिव का रुद्राभिषेक करने से साधक को सुख एवं समृद्धि की प्राप्ति होती है। इसके साथ यह भी बताया गया है कि सावन में रुद्राक्ष धारण करने से भी भगवान शिव प्रसन्न होते हैं।