पुलिस सहायता संगठन का गठन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। इलाके के युवाओं की ओर से समाज में फैली बुराइयों के खिलाफ आवाज बुलंद करने व पुलिस की मदद करने के लिए पुलिस सहायता संगठन का गठन किया गया है। संगठन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर किए जाने वाले कार्यांे की जानकारी दी। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष लालचंद धांधल ने बताया कि पुलिस सहायता संगठन इकाई के सदस्य पुलिस व सामान्य नागरिक के बीच सांमजस्य स्थापित कर पुलिस की छवि को एक संस्थान के रूप में प्रचारित कर जनता के मन में खाकी का विश्वास बनाने का कार्य करेंगे। संगठन सदस्यों की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के तहत आमजन को सुविधाएं प्रदान करने जैसे साफ-सफाई, वृक्षारोपण, गौरक्षा तथा समाज में बुराई के खिलाफ आवाज, खाकी वर्दी का सम्मान आम नागरिक व जनता के बीच करवाने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस व जनता के बीच बिगड़े सम्बन्धों को सुधारने, समाज में फैली बुराइयों जैसे नशा, रिश्वत, चोरी, दहेज प्रथा, बाल-विवाह आदि के खिलाफ, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचारों को दूर करने में पुलिस की सहायता की जाएगी। समय-समय पर समाज में अच्छे कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। रक्तदान शिविर लगवाए जाएंगे। यही संगठन का ध्येय है। इसके अलावा संगठन सदस्यों ने महिला पुलिस थाना के नए थाना प्रभारी भजनलाल लावा को भी गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर संगठन जिलाध्यक्ष भीमसैन सोनी, उपाध्यक्ष लखवीर सिंह, कोषाध्यक्ष दलीप कुमार, महिला मीडिया प्रभारी मैना देवी, रिकी गर्ग आदि मौजूद थे।