Monday, October 27निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सरकार पर छलावा करने का आरोप, कलक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन

  • मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    राज्य सरकार पर छलावा करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कर्मचारियों ने अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के आह्वान पर जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। महासंघ जिलाध्यक्ष अशोक भोभिया ने कहा कि राज्य सरकार का मात्र तीन माह का कार्यकाल ही शेष है और चुनाव नजदीक हैं परन्तु अभी तक सरकार ने सत्ता में आने से पूर्व जो वादे कर्मचारियों से किए थे, उन वादों को पूरा नहीं कर कर्मचारियों के साथ छलावा किया है। मंत्रालयिक कर्मचारियों की द्वितीय पदोन्नति ग्रेड पे 4200 नहीं की गई। कार्यप्रभारित कर्मचारियों की पदोन्नति पूर्व प्रचलित पदों पर नहीं कर नए पदनाम देकर उनके वेतनमान कम किए गए हैं जो कि कर्मचारियों के साथ धोखा है। कर्मचारियों को 9, 18 एवं 27 के स्थान पर 8, 16, 24 एवं 32 देने के साथ ही सामन्त व खेमराज कमेटी की रिपोर्ट भी प्रकाशित नहीं की गई है। इसके कारण कर्मचारियों में आक्रोश है। उन्होंने इन मांगों को जल्द पूरा करने की मांग ज्ञापन के माध्यम में मुख्यमंत्री से की। इस मौके पर महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष विजय पारीक, तेजमल, महेन्द्र सिंह, विजेन्द्र बिश्नोई, लूणकरण पारीक, मोहन पारीक, रमेश गलगट, विश्वामित्र झोरड़, राजेन्द्र कुमार, रविन्द्र शर्मा, दलीप कुमार, ओम गोदारा, पालाराम, दर्शन सिंह, माताफेर, चन्द्रसिंह, श्रवण रजलीवाल, बलकार सिंह, पंकज झूरिया, मोहित सहित कई कर्मचारी मौजूद थे।