Monday, July 8निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सैफ अंडर-16 : बंगलादेश पर जीत के साथ भारत का आगाज

थिम्फू (भूटान) (वार्ता). भारतीय अंडर-16 पुरुष फुटबॉल टीम ने शनिवार को सैफ अंडर-16 चैंपियनशिप में बंगलादेश को 1-0 से हराकर अपने अभियान की विजयी शुरूआत की। कोच इश्फाक अहमद की अगुवाई वाली टीम ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेलते हुए लंबे समय तक बंगलादेश के गोलकीपर नाहिदुल इस्लाम को पार नहीं कर सकी, लेकिन थोंगम्बा सिंह उशम ने 74वें मिनट में निर्णायक गोल जमाकर भारत को जीत दिलाई। भारत मुकाबले की शुरूआत में फ्रंट फुट पर रहा और विशाल यादव ने पहले हाफ में कई मौके बनाये। विशाल ने 14वें मिनट में भरत लालरेन्जम के लिये एक मौका बनाया, जिसे इस्लाम ने गोल में नहीं बदलने दिया। बंगलादेश ने भी कई मौकों पर गेंद पर कब्जा रखा लेकिन भारतीय गोलकीपर अहेबम सूरज सिंह के लिये परेशानी पैदा नहीं कर सका। भारत ने दूसरे हाफ में लंबी दूरी से गोल पर निशाना लगाना शुरू किया और शुरूआती असफलताओं के बाद वह 74वें मिनट में बंगलादेशी डिफेंस को भेदने में सफल रहा। स्थानापन्न खिलाड़ी मनभकुपर मानजियांग ने मिडफील्ड में विपक्षी खिलाड़ी से गेंद छीनकर गोल की ओर निशाना लगाया। इस्लाम पहले प्रयास में गेंद को रोकने में सफल रहे, लेकिन गोलपोस्ट के करीब खड़े उशम ने फौरन ही धैर्य के साथ गेंद को गोल में पहुंचाकर भारत को 1-0 से आगे कर दिया। भारतीय टीम अब चार दिन के विश्राम के बाद छह सितंबर को अपने दूसरे और अंतिम ग्रुप मैच में नेपाल से भिड़ेगी। भूटान, पाकिस्तान और मालदीव ग्रुप-बी का हिस्सा हैं।दोनों समूहों की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिये क्वालीफाई करेंगी।