Wednesday, October 29निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

मुख्य सचेतक महेश जोशी को तलब करने से बौखलाए कांग्रेसी सड़क पर उतरे, कार्यकर्ताओं ने जयपुर में 2 घंटे किया प्रदर्शन

जयपुर

फोन टेपिंग के मामले में राजस्थान के मुख्य सचेतक डॉ. महेश जोशी को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच द्वारा नोटिस भेजकर बयान देने के लिए बुलाने पर कांग्रेस का विरोध जारी है। शुक्रवार को बड़ी चौपड़ पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्हें राजस्थान का भगौड़ा बताने वाले पोस्टर भी लहराए।

हवा महल के सामने भी नारेबाजी

हवामहल विधानसभा क्षेत्र से युवा कांग्रेस नेता मित्रोदय गांधी की अगुवाई में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता बड़ी चौपड़ पर पहुंचे। जयपुर शहर में नगर निगम हैरिटेज के कांग्रेसी पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षद प्रत्याशियों सहित वार्ड अध्यक्ष व अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। बड़ी चौपड़ पर प्रदर्शन के साथ ही हवा महल के सामने चेन बनाकर करीब दो घंटे तक नारेबाजी हुई। कांग्रेस इस पूरे मामले को केंद्र सरकार के अधीन दिल्ली पुलिस पर प्रभाव बनाकर राजनीतिक दुर्भावना से ग्रसित बता रही है।

बड़ी चौपड़ पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, वाहन चालक होते रहे परेशान

बड़ी चौपड़ पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, वाहन चालक होते रहे परेशान

सरकार को अस्थिर करने की साजिश

कांग्रेस नेता मित्रोदय गांधी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार राजस्थान सरकार को अस्थिर करने में जुटी हुई है] इसीलिए कांग्रेस सरकार के मुख्य सचेतक महेश जोशी के खिलाफ षड्यंत्र रच रही है। उनके खिलाफ किसी तरह का कोई मुकदमा नहीं है। गांधी का आरोप था कि राजस्थान में जोधपुर से सांसद केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह को राजस्थान पुलिस पर विश्वास नहीं है। वे दिल्ली पुलिस की शरण में हैं। प्रदर्शनकारी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर शेखावत ने महेश जोशी से माफी नहीं मांगी, तो जयपुर में प्रवेश करने नहीं देंगे।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी

परिवहन मंत्री ने कहा- ओछे हथकंडे अपना रही केंद्र सरकार

प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास का बयान भी सामने आया था। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की लोकप्रियता से घबराकर केंद्र सरकार ओछे हथकंडे अपना रही है। केंद्र की शक्तियों का दुरुपयोग कर महेश जोशी को गैर कानूनी तरीके से परेशान कर नोटिस देकर दिल्ली बुलाया जा रहा है। इस तरह केंद्र सरकार अपनी संवैधानिक ताकतों का दुरुपयोग कर केंद्र और राज्य में टकराव की स्थिति पैदा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *