नई दिल्ली। अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट को लेकर देश में संसद से लेकर सड़क तक हंगामा बरपा है। सोमवार को भाजपा के सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में एक न्यूज पोर्टल न्यूज क्लिक को मिली 38 करोड़ रुपये की चीनी फंडिंग पर सवाल उठाया। वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आखिर चीन की मदद से ही क्यों इनकी नफरत की दुकान चल रही है। अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘चीन, कांग्रेस और न्यूजक्लिक का आपसी संबंध है। राहुल गांधी की नकली मोहब्बत की दुकान में चीनी सामान खुलकर बिक रहा है। चीन के लिए उनका प्यार देखा जा सकता है। ये लोग भारत विरोधी अजेंडा चलाते हैं।’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आखिर लेफ्ट की विचारधारा वाले न्यूजपोर्टल को इतनी बड़ी रकम कैसी दी गई। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक टेक मुगल नेविल रॉय सिंघम के जरिए यह चीनी प्रोपेगेंडा फैलाने के लिए किया गया। इसके तहत न्यूज क्लिक को 38 करोड़ रुपये की फंडिंग दी गई। अखबार के इस खुलासे के बाद भारत में एक बार फिर से बहस तेज हो गई है। इससे पहले 2021 में भी यह मामला तब सामने आया था, जब ईडी की जांच में पता चला था कि न्यूज क्लिक को विदेश से 38 करोड़ रुपये की रकम प्राप्त हुई है। इस मनी ट्रेल का सिरा नेविल सिंघम पर जाकर खत्म हुआ था।
अब अमेरिकी अखबार की रिपोर्ट के बाद भाजपा फिर से हमलावर हो गई है। उसने कांग्रेस पर विदेशी ताकतों के साथ मिलकर साजिश रचने का आरोप लगाया है। निशिकांत दुबे ने कहा, ‘न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा है कि ईडी ने जो रेड की थी, उसमें पता चला था कि न्यूज क्लिक को 38 करोड़ रुपये मिले थे। भारत के खिलाफ माहौल बनाने के लिए चीनी पैसा दे रहे हैं।’
दुबे ने कहा कि भारत पर जब भी संकट आया तो उसके लिए चीन ने कांग्रेस को फंडिंग की। 2008 में चीन में हुए ओलंपिक के दौरान कांग्रेस के नेताओं को आमंत्रित किया गया था। इसके बाद डोकलाम में झड़प के बाद भी कांग्रेस की चीनी नेतृत्व से बात हुई थी। दुबे ने कहा कि चीन के साथ मिलकर कांग्रेस देश को तोड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि मेरा भारत सरकार से आग्रह है कि कांग्रेस को चुनाव लड़ने से ही रोक देना चाहिए। फिलहाल इस पूरे मामले पर न्यूज क्लिक का बयान सामने नहीं आया है।
निशिकांत दुबे ने संसद में कहा, ‘न्यूयॉर्क टाइम्स ने न्यूज क्लिक पर ईडी रेड को लेकर खुलासे किए हैं। न्यूज क्लिक एक देश विरोधी, टुकड़े-टुकड़े गैंग का पार्ट है, जो विदेशी फंडिंग पर चलता है। यह खुलासा हुआ है कि चीनी फंडिंग नक्सलियों, माओवादियों, रोहिणी सिंह और स्वाति चतुवेर्दी को फंडिंग की गई ताकि वे देश में ‘माहौल’ बनाएं।’ भाजपा सांसद की टिप्पणी पर रोहिणी सिंह और स्वाति चतुवेर्दी ने जवाब भी दिया है। दोनों ने ट्वीट कर कहा कि निशिकांत दुबे अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। रोहिणी सिंह ने लिखा कि मैंने तो कभी न्यूज क्लिक के लिए काम नहीं किया। निशिकांत दुबे अपने संसदीय विशेषाधिकार का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। उनमें हिम्मत है तो बाहर आकर यही आरोप लगाएं। वहीं स्वाति चतुवेर्दी ने ट्वीट किया, ‘पत्रकारिता से मेरी कमाई एक खुली किताब की तरह है। इसकी हर साल इनकम टैक्स डिपार्टमेंट स्क्रूटनी करता है।’
