Monday, March 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

आज नर्सिंग दिवस पर जयपुर में महापड़ाव डालेंगी एएनएम-एलएचवी

  • ग्रेड पे में बढ़ोतरी की मांग को लेकर 11वें दिन भी जारी रहा आंदोलन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    ग्रेड पे में बढ़ोतरी व पदनाम परिवर्तन की मांग कर रही एएनएम और एलएचवी की हड़ताल गुरुवार को 11वें दिन भी जारी रही। एलएचवी-एएनएम संघ आॅफ राजस्थान के बैनर तले एएनएम-एलएचवी ने गुरुवार को भी जिला कलक्ट्रेट के समक्ष धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। संघ जिलाध्यक्ष संतोष चौधरी ने कहा कि पिछले 11 दिनों से जिले भर की एएनएम एवं एलएचवी जिला कलक्ट्रेट के समक्ष धरना लगाकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज करवा रही हैं परन्तु सरकार आमजन से किसी तरह से सरोकार नहीं रख रही और अपनी हठधर्मिता पर अड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार को मांगों से कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन हर बार आश्वासन देकर उन्हें काम पर लौटा दिया जाता है। उन्होंने शुक्रवार को नर्सिंग डे पर जयपुर में प्रस्तावित महापड़ाव में शामिल होने की बात कही। जिला कोषाध्यक्ष निशु वर्मा ने कहा कि एएनएम नर्सिंग संवर्ग की ग्रेड पे 2800 से 3600 और एलएचवी की 3600 से 3800 और 4800 से 5200 करने, एलएचवी-एएनएम का पदनाम परिवर्तन करने, 1480 उपस्वास्थ्य केन्द्रों की वित्तीय स्वीकृतियां जारी करने, जॉब चार्ट निश्चित करने, एएनएम के सर्विस नियमों में बदलाव कर योग्यता 10वीं से 12वीं पास करने की मांग को लेकर एएनएम और एलएचवी लगातार संघर्षरत हैं। जब तक सरकार की ओर से मांगें मान नहीं ली जाती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि महिला एक परिवार की मुखिया है। उस पर पारिवारिक व सामाजिक जिम्मेदारी है। सरकार ने मुखिया बनाकर आर्थिक जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर रख दी है। सरकार को चाहिए कि वे हमारी वित्तीय संबंधी मांगें पूरी करे ताकि हम भी अपने परिवार को अच्छा सामाजिक व आर्थिक रूप से सम्पन्न वातावरण उपलब्ध करवा सकें। यह हमारा हक भी है जो वे लेकर रहेंगी। इस मौके पर बलजीत कौर, लखविन्द्र कौर, रणजीत कौर, इन्द्रा, निर्मला, रानी, राजविन्द्र कौर, पार्वती देवी, गुरमीत कौर, सरोज, कौशल्या शर्मा, रूपा पारीक आदि मौजूद थीं।