नागौर. संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने मंगलवार को सिविल सेवा परीक्षा 2022 का फाइनल परिणाम जारी कर दिया। सिविल सेवा परीक्षा में नागौर की मूण्डवा तहसील के खुडखुड़ा कलां निवासी मैना खुडखुडिय़ा ने 610वीं रैंक प्राप्त कर परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रहने वाली मैना के पिता रामनिवास खुडखुडिय़ा साधारण किसान हैं और माता गृहणी है। मैना ने वर्ष 2013 में दसवीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में दसवां तथा नागौर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया था और उसी समय उसने आईएएस बनने का लक्ष्य तय कर लिया था। 12वीं तक गांव के निजी विद्यालय में पढऩे के बाद मैना ने अकेले जयपुर में रहकर स्नातक की पढ़ाई पूरी की और पिछले पांच साल से आईएएस की तैयारी कर रही थी। इस दौरान मैना के बड़े भाई व स्कूल व्याख्याता नथूराम खुडखुडिय़ा का मार्गदर्शन लगातार उसे मिलता रहा। मंगलवार को भारतीय सिविल सेवा परीक्षा 2022 का परिणाम आया तो खुडखुड़ा कलां व खुडखुड़ा खुर्द में खुशी का माहौल हो गया।