जयपुर
जयपुर के गांधी नगर रेलवे स्टेशन पर रविवार दोपहर बड़ा हादसा होने से बच गया। ट्रेन में चढ़ते समय एक महिला का पैर फिसल गया। महिला चलती ट्रेन के गेट के हैंडल को पकड़ कर घसीटते चली गई। ट्रेन और प्लेट फॉर्म के बीच गिरी महिला की स्टेशन पर तैनात RPF इंस्पेक्टर ने जान बचाई। महिला यात्री की ओर से जान बचाने पर RPF इंस्पेक्टर का धन्यवाद दिया गया।
रिजर्व पुलिस फॉर्म (RPF) की ओर से बताया गया कि हादसा गांधी नगर रेलवे स्टेशन के प्लेट फॉर्म नगर-1 पर हुआ। दोपहर 2:19 पर मरुधर एक्सप्रेस रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। चलती ट्रेन में उत्तर प्रदेश के अछनेरा निवासी मंजू (49) पत्नी राम सिंह ने चढ़ने का प्रयास किया। ट्रेन में चढ़ते समय मंजू का पैर फिसल गया। ट्रेन के गेट का हैंडल पकड़ने के चलते वह घसीटते हुए चली गई।
ट्रेन और प्लेट फॉर्म के बीच आते देखकर स्टेशन पर मौजूद लोगों में हंगामा मच गया। यात्रियों के चिल्लाने की आवाज सुनकर प्लेट फॉर्म पर बंदोबस्त ड्यूटी पर मौजूद RPF इंस्पेक्टर कृपाल सिंह भागे। इंस्पेक्टर ने दौड़कर महिला यात्री मंजू का हाथ पकड़ कर खींचा। ट्रेन से दूर कर मंजू की जान बचाई। जान बचाने को लेकर मंजू और स्टेशन पर मौजूद यात्रियों की ओर से RPF का धन्यवाद किया गया।