Monday, December 8निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जिले भर से प्रतिभागियों ने किया योगासन

  • डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप का आयोजन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    नेशनल योगासन स्पोर्ट्स फेडरेशन के अधीन कार्य कर रही राइसा सोसायटी हनुमानगढ़ की ओर से रविवार को टाउन के नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय में डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत स्वाभिमान ट्रस्ट एवं पतंजलि योग समिति के मुख्य जिला संयोजक विजय कौशिक, विशिष्ट अतिथि पंतजलि योग शिक्षक देवराज जोशी थे। प्रतियोगिता में जिले भर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि भारत स्वाभिमान ट्रस्ट एवं पतंजलि योग समिति के मुख्य जिला संयोजक विजय कौशिक ने कहा कि योग को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार पूरे प्रयास कर रही है। योग को अब खेलों के रूप में भी मान्यता सरकार से मिल गई है। योग को बढ़ाने के लिए योगा फेडरेशन निरंतर प्रयास कर रही है और उसी कड़ी में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, जो कि सराहनीय है। सोसायटी के जिलाध्यक्ष चानणराम चौधरी ने बताया कि नेशनल योगासन स्पोर्ट्स फेडरेशन, भारत सरकार के युवा खेल मंत्रालय की ओर से पंजीकृत संस्था है। राइसा सोसायटी के नाम से राजस्थान में सोसायटी बनाई गई है जो नेशनल योगासन स्पोर्ट्स फेडरेशन के अधीन कार्य कर रही है। राइसा सोसायटी हनुमानगढ़ भी नेशनल योगासन स्पोर्ट्स फेडरेशन के अधीन कार्य कर रही है। राज्य स्तरीय सोसायटी का नाम योगासना भारत दिया गया है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का नाम डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप दिया गया है। संस्था का मुख्य उद्देश्य बच्चों को योग से जोड़ना है क्योंकि योगासन को खेल मंत्रालय ने खेल के रूप में स्वीकार कर लिया है। योगासन को जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक खेल के रूप में जन-जन तक पहुंचाना है। योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सोसायटी के जिला सचिव योगाचार्य रमेश भाटी, जिला संरक्षक रमेश दादरी, व्याख्याता हरदीप सिंह, जिला युवा प्रभारी रवि चौहान, रवि चौहान, फूसाराम, हेमलता शर्मा, हेमलता कंवर, सुनीता, प्रियंका शर्मा, सुमन घोड़ेला, माया कांटीवाल, पतंजलि प्रभारी रमा देवी, प्रियंका सहारण आदि मौजूद थे।