कृषक उपहार योजना के तहत निकाली गई लॉटरी हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन की कृषि उपज मंडी समिति में सोमवार को कृषक उपहार योजना के तहत लॉटरी निकाली गई। यह लॉटरी एक जनवरी से तीस जून तक जारी कूपनों के आधार पर राजकिसान पोर्टल के माध्यम से कृषि उपज मंडी समिति अध्यक्ष अमरसिंह सिहाग व सचिव सीएल वर्मा की मौजूदगी में निकाली गई। मंडी में विक्रय पर्ची पर जारी उपहार कूपन की लॉटरी में तीन इनाम निकले। प्रथम सिमरन, द्वितीय शंकरलाल और तृतीय भीमसेन के नाम से इनाम निकला। प्रथम पुरस्कार के रूप में 25 हजार, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 15 हजार और तृतीय पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपए का इनाम निकाला गया। इसी प्रकार विक्रय पर्ची पर ई-पेमेंट प्राप्त करने के अंतर्गत भी कूपन की लॉटरी निकाली गई। इसमें भी प्रथम पुरस्कार के रूप में 25 हजार, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 15 हजार और तृतीय पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपए का इनाम निकाला गया। यह तीनों इनाम कृष्ण कुमार को निकले। कुल 6 इनाम एक लाख रुपए के निकाले गए। विक्रय पर्ची के आधार पर 1 लाख 78 हजार कूपन जबकि ई-पेमेंट के आधार पर 50 कूपन थे। कृषि उपज मंडी समिति सचिव सीएल वर्मा ने बताया कि कृषक उपहार योजना सरकार की महत्वकांशी योजना है। अब हनुमानगढ़ डिविजन लेवल पर इसकी लॉटरी निकाली जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे इस योजना से अधिक से अधिक लाभान्वित हों। इसके लिए किसान अपनी कृषि जिन्स ई-नाम पोर्टल पर बेचकर आॅनलाइन भुगतान प्राप्त करें। इसके लिए सरकार भी अधिकाधिक प्रोत्साहित कर रही है ताकि और अधिक पारदर्शिता पूर्ण कार्य हो।