पाली। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 3 व 4 जून को चार संभागों में भारी आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। इसी बीच शनिवार रात तक जोधपुर, बीकानेर और जयपुर संभाग में तूफानी आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की माने तो अंधड़ के साथ बारिश भी होगी। हवाओं का जोर रविवार सवेरे तक जारी रह सकता है। उधर जून में मानसून के आगमन का इंतजार किया जा रहा है। मौसम केन्द्र जयपुर पहले ही कह चुका है कि सब कुछ सही रहा तो जून के अंतिम सप्ताह तक राजस्थान में मानसून की झमाझम बारिश हो सकती है।
4 व 5 को दो संभागों में आंधी-बारिश
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्र में एक चक्रवाती हवों का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके चलते कुछ संभागों में दो दिन तक तूफानी अंधड़ चल सकता है। जबकि राजस्थान के एक बड़े इलाके में मौसम शुष्क रहेगा। राजस्थान में शनिवार को जोधपुर, बीकानेर संभाग अजमेर और जयपुर संभाग के कुछ भागों में देर शाम या रात को तेज मेघगर्जन के साथ तूफानीअंधड़ व बारिश होने की प्रबल संभावना है। वहीं, 4 व 5 जून को बीकानेर, जोधपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में छुटपुट स्थानों पर आंधी-बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना और शेष भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है।
राजस्थान फिर आएगा 45 डिग्री पर
मौसम विभाग की माने तो 6 जून तक पश्चिमी विक्षोभ का असर पूरी तरह खत्म हो जाएगा और गर्मी फिर से जोर दिखाएगी। दूसरे व तीसरे सप्ताह में जोधपुर और बीकानेर संभाग में तापमान सबसे ज्यादा उछाल मार सकता है। हालाकि अधिकतर इलाकों में तापमान 42-43 डिग्री तक पहुंचेगा, लेकिन जोधपुर व बीकानेर संभाग में 45 डिग्री को छू सकता है। ऐसे में कुछ जिलों में फिर से लू चलने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
मानसून का इंतजार
मौसम केन्द्र जयपुुर की माने तो मानसून को केरल तक पहुंचने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है। मानसून के केरल पहुंचने के बाद ही राजस्थान में मानसून को लेकर कुछ कहा जा सकता है। ऐसे में माना तो यह भी जा रहा है कि इस बार जून के अंतिम सप्ताह में ही राजस्थान में मानसून की मेहर बरसेगी। उससे पहले आठ-दस दिन तक गर्मी सताएगी।
देश के मौसम का हाल
स्काईमेट वेदर के अनुसार देश में अगले 24 घंटों के दौरान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। उत्तर और उत्तर-पूर्व राजस्थान में धूल भरी आँधियों के साथ हल्की से मध्यम बारिश संभव है। उधर, आंतरिक तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और सिक्किम के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। जबकि पश्चिमी हिमालय, गंगीय पश्चिम बंगाल, तटीय ओडिशा, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और महाराष्ट्र में 1 या 2 स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।