Friday, June 20निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हल्दीघाटी युवा महोत्सव में बोले सीएम गहलोत, ‘राइट टू हेल्थ, सामाजिक सुरक्षा पर कानून बनाए केंद्र सरकार’

जयपुर। प्रदेश की जनता को एक ही छत के नीचे 10 योजनाओं का लाभ देने के लिए शुरू किए गए महंगाई राहत शिविर का मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अलग-अलग जिलों में जाकर अवलोकन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को नाथद्वारा और अजमेर में महंगाई राहत शिविरों का अवलोकन करके लाभार्थियों से संवाद किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री गहलोत ने नाथद्वारा के विश्वास स्वरूपम में दो दिवसीय हल्दीघाटी युवा महोत्सव का उद्घाटन करके युवाओं को संबोधित किया साथ ही अपनी सरकार के कामकाज की उपलब्धियां गिनाई। राजस्थान युवा बोर्ड की ओर से आयोजित हल्दीघाटी युवा महोत्सव में विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी, कैबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना, राज्य मंत्री अशोक चांदना, युवा बोर्ड के अध्यक्ष सीताराम लांबा मौजूद रहे।
राइट टू हेल्थ और सामाजिक सुरक्षा पर केंद्र सरकार कानून बनाएं
मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि राइट टू हेल्थ और सामाजिक सुरक्षा पर केंद्र सरकार को कानून बनाना चाहिए। आज देश में इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है, गहलोत ने कहा कि वक्त आ गया है जब देश की जनता को राइट टू हेल्थ और सामाजिक सुरक्षा का अधिकार दिया जाए। यूपीए सरकार ने राइट टू एजुकेशन, राइट टू इंफॉर्मेशन और फूड सिक्योरिटी पर संसद में कानून बनाकर लोगों को इसका अधिकार दिया और आज लोगों को इनका अधिक लाभ मिल रहा है।
राइट टू हेल्थ की देश भर में चर्चा
गहलोत ने कहा कि राइट टू हेल्थ पर कानून बनाकर हमने प्रदेश की जनता को स्वास्थ्य का अधिकार दिया है, देश भर में देश भर में इसकी खूब चर्चा हो रही है। हालांकि चिकित्सकों ने इसके विरोध में हड़ताल की थी लेकिन तब देश-प्रदेश की जनता ने चिकित्सकों की खूब आलोचना की थी। कानून बनने के बाद कोई भी व्यक्ति किसी भी अस्पताल में जाकर अपना इलाज करा सकता है।
2030 तक राजस्थान को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि 2030 तक राजस्थान को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। आज राजस्थान में आईआईटी, आईआईएम, एम्स जैसे संस्थान भी खुले हैं। 70 साल में जहां 205 कॉलेज खुले थे तो वहीं राज्य सरकार ने साढ़े 4 साल के शासन में 303 कॉलेज खोल दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज हैं। नर्सिंग कॉलेज और कृषि कॉलेज भी खोले गए हैं। आईटी सेक्टर में भी राजस्थान मजबूत हुआ है।
विपक्ष पर साधा निशाना
इधर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में आईटी का सपना राजीव गांधी ने देखा था। कंप्यूटर और मोबाइल क्रांति राजीव गांधी की देन है, तब विपक्ष में बैठे लोगों ने इसका विरोध किया था और कहा था कि इससे देश में बेरोजगारी फैल जाएगी लेकिन आज हरे क्षेत्र में इंटरनेट, मोबाइल और कंप्यूटर की जरूरत हो गई है। आईटी सेक्टर में राजस्थान मजबूत बना है।
पोस्ट कोविड ने लोगों के अंगों को प्रभावित किया
गहलोत ने कहा कि कोरोना महामारी ने अर्थ व्यवस्था लेकर हर एक चीज को प्रभावित किया। पोस्ट कोविड के बाद भी लोगों में कई तरह बीमारियां सामने आ रही हैं, किडनी लीवर और हार्ट को प्रभावित किया है। इसलिए हमारी सरकार ने चिरंजीवी योजना में 25 लाख रुपए का बीमा किया है, जिससे किसी भी व्यक्ति को महंगे इलाज से मेहरूम नहीं रहना पड़े। युवा महोत्सव को विधानसभा स्पीकर सीपी जोशी और खेल मंत्री अशोक चांदना ने भी संबोधित किया। युवा महोत्सव से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नाथद्वारा के पालिका परिसर में आयोजित महंगाई राज शिविर का भी अवलोकन किया और लाभार्थियों से संवाद किया इसके पश्चात मुख्यमंत्री गहलोत ने अजमेर जाकर वार्ड नंबर 66 में भी महंगाई राहत शिविर का अवलोकन किया।