अघोषित विद्युत कटौती के खिलाफ एसई कार्यालय पर प्रदर्शन
by seemasandesh
अधीक्षण अभियंता के नाम डिस्कॉम अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। अघोषित विद्युत कटौती के खिलाफ जंक्शन के वार्ड नम्बर 4 के वाशिंदों ने सोमवार को वार्ड पार्षद स्वर्णसिंह के नेतृत्व में जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद अधीक्षण अभियंता के नाम डिस्कॉम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। पार्षद स्वर्णसिंह ने बताया कि खुंजा क्षेत्र में पिछले 4 दिनों से अघोषित विद्युत कटौती हो रही है। विद्युत आपूर्ति बंद होने से वाटर वर्क्स से जो पानी की सप्लाई वार्डवासियों के घरों में दी जाती है उसमें भारी व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। इससे भीषण गर्मी में वार्डवासी परेशान हैं। पानी की सप्लाई के समय बिजली नहीं होने के कारण पूरा दिन वार्डवासी तपती गर्मी में बिना पानी के परेशान होते रहते हैं। इस बारे में जब डिस्कॉम के अधिकारियों से दूरभाष पर सम्पर्क करते हैं तो वे फोन उठाना मुनासिब नहीं समझते। डिस्कॉम के हेल्पलाइन नम्बर पर कॉल करने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। इसके खिलाफ वार्डवासियों में भारी रोष व्याप्त है। पार्षद ने बताया कि पिछले 1 सप्ताह से नियमित रूप से 4 से 5 घंटे तक अघोषित विद्युत कटौती हो रही है। एक तो विद्युत आपूर्ति पूरी नहीं होती, दूसरा इस तपती गर्मी में लाइट न होने के कारण आमजन के घरों में पानी भी नहीं आता। इस कारण वार्डवासियों पर दोहरी मार पड़ रही है। वार्डवासियों ने ज्ञापन के जरिए मांग की कि अघोषित विद्युत कटौती बंद की जाए। साथ ही जनप्रतिनिधियों के लिए एक अलग से हेल्पलाइन नम्बर जारी किए जाए ताकि वे विद्युत की सही स्थिति और अपनी समस्याओं से अवगत करवा सकें। इस मौके पर सुनील कुमार, मलकीत, सूरज, गुरदेव सिंह सैनी, मोहित, हैप्पी, गुरप्रीत, जगप्रीत, विजय, हर्षपाल, अंकित, नरेंद्र स्वामी, मंगलसिंह, प्रीतम शाक्य आदि मौजूद थे।