मुंबई
अनुपम खेर की फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को सिनेमाघरों में जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म का निर्देशन विवेक अग्निहोत्री ने किया है। छोटे बजट की फिल्म ने पहले दिन जिस तरह का बिजनेस किया उसके बाद सभी हैरान रह गए। फिर वीकेंड में फिल्म ने और कमाल कर दिया। महज 3 दिन में ‘द कश्मीर फाइल्स’ का कुल कलेक्शन 26.50 करोड़ हो गया है। दर्शकों ने फिल्म को जिस तरह का प्यार दिया है उससे मेकर्स से लेकर कलाकार तक बेहद खुश हैं। अब अनुपम खेर ने एक पोस्ट कर बताया कि एयरपोर्ट पर उन्हें कुछ लोग मिले जिन्होंने फिल्म की तारीफ की।
फिल्म ने झकझोर दिया
अनुपम खेर कहते हैं कि फिल्म ने लोगों को हिला दिया है। वह लिखते हैं, ‘जब एयरपोर्ट पर आपको12-15 लोग बोले, “आपकी द कश्मीर फाइल्स देखी, सॉरी हमें पता ही नहीं था कि कश्मीरी पंडित के साथ ये सब हुआ था।“ और फिर सिक्योरिटी ऑफिसर ने कहा, “खेर साहब, आपकी फिल्म ने दहला दिया।“ तो इसका मतलब है हमारी फिल्म लोगों के दिलों तक जा रही है। झकझोर रही है। जय हो।‘ आगे उन्होंने हाथ जोड़ने वाला इमोटिकॉन पोस्ट किया।