Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अमरनाथ यात्रा में पत्ता भी नहीं हिला पाएंगे आतंकी, यात्रियों को मिलेगी थ्री लेयर सिक्योरिटी

नई दिल्ली

अमरनाथ यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम को लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी है। इसी बीच यह बताया गया है कि अमरनाथ धाम जाने वाले यात्रियों अब तीन स्तरीय सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इसमें ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा लोगों की सुरक्षित यात्रा के लिए अन्य तमाम उपाय भी किए जाएंगे।

दरअसल, कश्मीर के आईजीपी विजय कुमार ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि खतरे के हर पहलू को भांपकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। ड्रोन हमले, स्टिक बम और आतंकियो के घात लगाकर हमले जैसी किसी भी आशंका को समाप्त करने के लिए कई स्तर की सुरक्षा का खाका तैयार किया गया है। इसी कड़ी में हम हम पिछले एक महीने से अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था कर रहे हैं और कई बैठकें कर चुके हैं।

विजय कुमार ने कहा कि हम त्रिस्तरीय सुरक्षा मुहैया कराएंगे। इसमें ड्रोन निगरानी, ​​सीसीटीवी कैमरा और आरएफआईडी रखा जाएगा और हम घटना मुक्त यात्रा सुनिश्चित करेंगे। बता दें कि हाल ही में सुरक्षाबलों ने अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले की बड़ी साजिश को नाकाम किया था। सुरक्षा बलों ने पहलगाम में तीन आतंकियों को ढेर कर दिया था। इसके बाद से ही 30 जून से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा के दौरान सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।