नई दिल्ली
लोकसभा सांसद और एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की सलामती और लंबी उम्र की कामना करने के लिए रविवार को हैदराबाद के बाग-ए-जहांआरा में एक व्यवसायी ने 101 बकरियों की बलि दी है।बकरियों के बलिदान के लिए एक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
इंडिया टुडे में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक इस आयोजन में मलकपेट विधायक और एआईएमआईएम नेता अहमद बलाला भी शामिल रहे। उत्तर प्रदेश के मेरठ से दिल्ली जा रहे सांसद ओवैसी की कार पर गोली लगने के कुछ दिनों बाद यह बात सामने आई है। हालांकि फायरिंग करने वाला बिना किसी चोट के भाग गया।
3 फरवरी को हुए हमले के बाद से ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख ओवैसी के समर्थक उनकी सलामती और लंबी उम्र के लिए दुआ कर रहे हैं। हमले के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने असदुद्दीन ओवैसी के लिए जेड-श्रेणी की सुरक्षा को मंजूरी दी थी। हालांकि, उन्होंने इसे खारिज कर दिया।
ओवैसी पर हुए हमले में कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। हमले के बाद हालांकि दो आरोपियों को गिरफ्तार करके उन्हें 14 दिन की जेल भी हो चुकी है, इसके बाद भी अभी कई और लोगों के हमले में शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि हापुड़ में ऑल इंडिया AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की कार पर गोलीबारी में इस्तेमाल हथियार मेरठ से खरीदे गए थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।