नई दिल्ली
आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से ‘संजीवनी’ मिली है। आईएमएफ गंभीर संकट से जूझ रहे श्रीलंका के साथ हुए एक प्रारंभिक समझौते के तहत उसे 2.9 अरब डॉलर का ऋण देने को सहमत हुआ है। कोष ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। आईएमएफ ने एक बयान में कहा, ‘‘आईएमएफ और श्रीलंका के अधिकारी संकटग्रस्त देश की आर्थिक नीतियों को समर्थन देने की खातिर कर्मचारी स्तर के समझौते पर सहमत हुए हैं। इस व्यवस्था के तहत विस्तारित कोष सुविधा (ईएफएफ) में 48 महीने की अवधि के दौरान 2.9 अरब डॉलर दिए जाएंगे।’’
इसमें कहा गया कि इस मदद का उद्देश्य श्रीलंका में व्यापक आर्थिक स्थिरता और ऋण वहनीयता को बहाल करना है और इसके साथ-साथ वित्तीय स्थिरता की रक्षा करना भी है। आर्थिक मदद देने से पहले आईएमएफ ने श्रीलंका को कई सुधारात्मक कदम उठाने को कहा था। उसने ऋण वहनीयता सुनिश्चित करने और वित्तीय खाई को पाटने में मदद देने के लिए बहुपक्षीय साझेदारों से अतिरिक्त आर्थिक मदद करने और श्रीलंका के कर्जदाताओं से कर्ज राहत देने का आह्वान भी किया था।
इंडियन एक्सप्रेस आइडिया एक्सचेंज में बोलते हुए, भारत में श्रीलंका के उच्चायुक्त मिलिंडा मोरागोडा ने गुरुवार को कहा कि आईएमएफ समझौते के बाद अब श्रीलंका उम्मीद कर रहा है कि अन्य देश भी उसकी और अधिक मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि आईएमएफ समझौते से पहले भारत “एकमात्र भागीदार” था जिसने हमारी मदद की।