Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

आडिट वाली 85 ग्राम सेवा सहकारी समितियों की सूची भिजवाई जाएगी राज्य स्तर पर

  • निगरानी और कार्यान्वयन कमेटी की पहली बैठक आयोजित
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    भारत सरकार की ओर से ग्राम सेवा सहकारी समितियों का कम्प्यूटराइजेशन करने के लिए लागू की गई योजना के लिए जिला स्तर पर गठित निगरानी और कार्यान्वयन कमेटी की पहली बैठक बुधवार को जिला कलक्टर के चैम्बर में हुई। कमेटी अध्यक्ष जिला कलक्टर नथमल डिडेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में आॅडिट का कार्य करवाने वाली 85 ग्राम सेवा सहकारी समितियों की सूची राज्य स्तर पर प्रेषित किए जाने का निर्णय लिया गया। हनुमानगढ़ केन्द्रीय सहकारी बैंक हनुमानगढ़ के प्रबंध निदेशक दीपक कुक्कड़ ने बताया कि भारत सरकार की ओर से ग्राम सेवा सहकारी समितियों के कम्प्यूटराइजेशन के लिए योजना लागू की गई है। इस योजना के लिए जिला स्तर पर निगरानी और कार्यान्वयन कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में जिला कलक्टर अध्यक्ष हैं। इसके अलावा डीडीएम नाबार्ड, डीआर कॉपरेटिव और एमडी कॉपरेटिव बैंक समिति के सदस्य हैं। इस कमेटी की बुधवार को पहली बैठक जिला कलक्टर की अध्यक्षता में हुई। इस कमेटी में प्रथम चरण में आॅडिट आदि करवाने वाली जिन समितियों के नाम भिजवाए जाने हैं, चयन कर उनका नाम राज्य स्तर पर भिजवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सभी ग्राम सेवा सहकारी समितियों का कम्प्यूटराइजेशन किया जाएगा। इसके अंतर्गत उन समितियों को हार्डवेयर-सॉफ्टवेयर व ट्रेनिंग आदि के लिए केन्द्र सरकार की ओर से सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे यह फायदा होगा कि सभी समितियां जो अपना व्यवसाय कर रही हैं, ऋण व्यवसाय कर रही हैं, इसके अलावा खाद-बीज का व्यवसाय कर रही हैं, उनके अंतर्गत कम्प्यूटराइजेशन होने से उनके रिकॉर्ड का सुव्यवस्थितिकरण होगा। कार्य निष्पादन में और अधिक पारदर्शिता आ पाएगी। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के अंतर्गत प्रत्येक समिति को 3 लाख 91 हजार रुपए की सहायता दी जाएगी।