बेलफास्ट (वार्ता). न्यूजीलैंड ने डेन क्लीवर (78) के अर्द्धशतक और माइकल ब्रेसवेल (पांच गेंद, तीन विकेट) की हैट्रिक की बदौलत आयरलैंड को दूसरे टी20 मैच में 88 रन से मात दी। न्यूजीलैंड ने इस जीत के साथ तीन मैचों की श्रंखला में 2-0 की अपराजेय बढ़त हासिल कर ली है।
ब्लैक कैप्स ने बुधवार को खेले गये मैच में आयरलैंड के सामने 20 ओवर में 180 रन का लक्ष्य दिया था, जिसके जवाब में आयरलैंड 91 रन पर आॅलआउट हो गयी। न्यूजीलैंड के लिये क्लीवर ने सर्वाधिक 78(55) रन बनाये, जबकि फिन ऐलेन ने 35(20) और ग्लेन फिलिप्स ने 23(16) रन बनाये।
इस मैच में कीवी टीम के स्टार माइकल ब्रेसवेल रहे। बल्ले से 14 रन का अहम योगदान देने के बाह उन्होंने अपने पहले ओवर में ही हैट्रिक ली। ब्रेसवेल ने अपने ओवर में पांच गेंदें डालीं जिसमें उन्होंने मार्क एडेयर, बैरी मेककार्थी और क्रेग यंग का विकेट लिया। आयरलैंड के बल्लेबाजों के पास न्यूजीलैंड की धारदार गेंदबाजी का कोई जवाब नहीं था। आयरिश टीम के लिये एडेयर ने सर्वाधिक 27 रन बनाये जबकि पॉल स्टर्लिंग ने 21 रन की पारी खेली। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन भी नहीं बना सका। ब्लैक कैप्स के लिये ब्रेसवेल-ईश सोधी ने तीन-तीन विकेट लिये जबकि जेकब डफी ने दो और लोकी फर्ग्यूसन ने एक विकेट लिया।