हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। मारपीट व छीनाझपटी के मामले में गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को टाउन पुलिस ने शनिवार को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवा दिया। पुलिस ने आरोपी साबर अली उर्फ गोगा व उसके भाई अकरम उर्फ अकबर खान पुत्र काले खान निवासी वार्ड 10, गांव गाहडू को शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। गौरतलब है कि 16 अगस्त को गुलाम नबी पुत्र करीम खान निवासी गाहडू ने मुकदमा दर्ज करवाया था कि उसका दोहिता मोहम्मद सलाम लाइनमैन को बुलाने के लिए जा रहा था। रास्ते में साबर अली उर्फ गोगा व उसके भाई अकरम उर्फ अकबर खान ने रोककर मारपीट कर छीनाझपटी की। विरोध करने पर मोहम्मद सलाम को चोटें मारकर फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद हैड कांस्टेबल मनीष बिश्नोई व कांस्टेबल प्रदीप गिल ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार किया।