Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

उद्धव ठाकरे के बाद शरद पवार की भी टेंशन बढ़ा रही भाजपा, बेटी के गढ़ में सेंध की है तैयारी

मुंबई

महाराष्ट्र में भाजपा बीते कुछ महीनों से बेहद आक्रामक है और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के सत्ता से जाने के बाद से वह और आक्रामक हो गई है। एक तरफ उद्धव ठाकरे ने सत्ता खोई है तो वहीं एकनाथ शिंदे ने शिवसेना पर ही दावा ठोककर उनकी विरासत और सियासत दोनों के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। इस संघर्ष का पूरा फायदा भाजपा को मिलता दिख रहा है, जिसकी नजर शिवसेना के गढ़ कहे जाने वाले इलाकों में उसके वोटरों को अपने पाले में लाने पर है। लेकिन भाजपा का यह अभियान सिर्फ ठाकरे फैमिली को ही दर्द देने तक सीमित नहीं है। भाजपा के रणनीतिकारों ने मराठा छत्रप कहे जाने वाले शरद पवार को भी घेरने की पूरी तैयारी कर ली है।

तो ठाकरे के अलावा पवार की भी बढ़ने वाली है टेंशन!

एनसीपी का गढ़ कहे जाने वाली बारामती सीट पर भाजपा 2024 के आम चुनाव में खास फोकस कर रही है। खुद डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस इस सीट पर नजर बनाए हुए हैं और लगातार सक्रिय हैं। ऐसे में साफ है कि एनसीपी को इस बार भाजपा उसके ही गढ़ में टेंशन देने का प्लान बना रही है। इस सीट से शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ही सांसद हैं। उन्होंने 2014 और 2019 में इस सीट पर जीत हासिल की थी, लेकिन दूसरे नंबर पर भाजपा ही थी। ऐसे में भाजपा को लगता है कि यदि उसकी प्लानिंग बेहतर रही और कुछ अधिक इलाकों में उसने पैठ बनाई तो फिर इस बार मुकाबला पलट भी सकती है।