नई दिल्ली। मणिपुर हिंसा की आग में इस कदर जल रहा है कि उसने लोगों की इंसानियत मार दी. अब तक तो वहां से मार-काट की खबरें सामने आ रही थीं. लेकिन बुधवार को दो महिलाओं के साथ बर्बरता और भयावहता का जो वीडियो सामने आया, उसने हर किसी को अंदर तक झकझोर कर रख दिया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में भीड़ दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाते दिख रही है. कुछ सेकंड के इस वीडियो में ये भी दिख रहा है कि भीड़ किस तरह से उन महिलाओं के साथ यौन हिंसा कर रही है.
मणिपुर में तीन मई को हिंसा शुरू हुई थी. और वायरल वीडियो की ये घटना चार मई की है. पर वीडियो में तो दो महिलाओं के साथ ही भयावहता दिख रही है, लेकिन उस दिन इससे कहीं ज्यादा बर्बरता हुई थी.
उस दिन हजारों की बेकाबू भीड़ ने गांव पर हमला किया था. महिलाओं को कपड़े उतारने को मजबूर किया था. हत्याएं की थीं. बड़ी मुश्किल से दो महिलाएं उस भीड़ से बचकर भागने में कामयाब हुई थीं. उन्होंने घटना के दो हफ्ते बाद पुलिस को इस घटना की एक-एक जानकारी दी थी. जबकि, महीनेभर बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की.