नई दिल्ली
उमरान मलिक ने अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी से सभी दिग्गजों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। आईपीएल 2022 में उमरान ने लगातार ओवरों में तेज रफ्तार से गेंदबाजी की है। सनराइजर्स हैदराबाद को कुछ मैचों में जीत दिलाने में इस गेंदबाज का अहम योगदान रहा है। टीममेट्स से लेकर विपक्षी टीम और पूर्व क्रिकेटरों ने उमरान को भारतीय टीम का भविष्य बताया है।
रवि शास्त्री ने उन्हें भारत के भविष्य के खिलाड़ियों में से एक के रूप में पहले ही चिन्हित कर दिया है, जबकि सुनील गावस्कर का मानना है कि आने वाले समय में उमर भारत के लिए एक खतरनाक गेंदबाज बन जाएगा।
भारतीय टीम के दिग्गज कपिल देव ने आईपीएल 2022 में अपनी चमक बिखेर चुके उमरान मलिक को लेकर अपनी राय दी है। उमरान की स्पीड से प्रभावित कपिल देव का मानना है कि यह बहुत खुशी की बात है कि बहुत तेज गेंदबाज हमारे सामने आ रहे हैं, जो तेज गति से गेंदबाजी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि एक तेज गेंदबाज के लिए सटीकता और अनुशासित दो समान रूप से महत्वपूर्ण लक्षण हैं।