बच्चों के लिए आकर्षण ब्राईटर माईण्ड नामक कार्यक्रम रहेगा
श्रीगंगानगर। आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत मनाए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय व रामचन्द्र मिशन संस्था के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष योग व ध्यान कार्यक्रम फरवरी-2023 से पूरे देशभर में चल रहा है जिसे नाम दिया गया है हर दिल ध्यान-हर दिन ध्यान इसी थीम को लेकर एस.डी. कॉलेज खेल मैदान में एक तीन दिवसीय योग-महोत्सव 10 जून शनिवार सुबह से प्रारम्भ होने जा रहा है जो पूर्णतया नि:शुल्क है। कार्यकम में जीवन शैली से संबंधित रोगों जैसे उक्त रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा, थायरायड व तनाव को नियंत्रित करने के लिए अलग अलग सत्रों में अलग अलग योगआसन व मुद्राओं का अभ्यास प्रशिक्षिकों द्वारा करवाया जावेगा। साथ ही हार्टफुलनैस के प्रशिक्षक उपस्थित जिज्ञासुओं को हार्टफुलनैस ध्यान का अनुभव करवायेगें जिसकी विशेषता योगिक ट्रॉसमिशन है। ध्यान के निरन्तर अभ्यास से मानसिक एवं आन्तरिक शान्ति कैसे प्राप्त की जा सकती है, इसके बारे में बताया जायेगा। योग महोत्सव में 5 से 15 वर्ष के बच्चों के लिए तैयार किया गया एक और आकर्षण ब्राईटर माईण्ड नामक कार्यक्रम रहेगा, जिसमें बच्चों में व्यक्तिगत दक्षता बढाने आत्म विश्वास में वृद्धि के लिए जयपुर से आ रहे प्रशिक्षकों द्वारा विस्तृत जानकारी दी जावेगी।
हार्टफुलनैस पोलेरिटी एक हीलिंग तकनीक
ब्राईटर माईण्ड से प्रशिक्षित बच्चे अपनी दक्षता का प्रदर्शन आंख पर काली पटटी बांधकर रंग पहचानना व किताब पढना इत्यादि द्वारा करेंगे। हार्टफुलनैस पोलेरिटी एक हीलिंग तकनीक है, जिसमें प्रशिक्षक हमारे शरीर की ऊर्जा को संतुलित व स्थिर करते हैं जिससे सामान्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नियंत्रित करने में मदद मिलती है। कार्यक्रम का प्रबन्ध हार्टफुलनैस टीम कर रही है। हार्टफुलनैस संस्था विश्व के 160 देशों में नि:शुल्क ध्यान कार्यक्रम संचालित कर रही है। संस्था का मुख्यालय हैदराबाद में है जहाँ विश्व का सबसे बड़ा ध्यान केन्द्र है। इसमें 4 लाख लोग एक साथ ध्यान कर सकते है। हार्टफुलनेस टीम पिछले एक सप्ताह से शहर के अधिकांश क्षेत्र में व्यक्तिगत निमंत्रण देकर सभी से सप्रेम इस कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह कर रही है। शहरवासियों में कार्यक्रम को लेकर उत्सुकता है।