Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

एक रात में दो ट्रांसजेंडर की हत्या, सड़क पर सो रहे 2 बेघरों को भी ईंट से कुचलकर मार डाला, हैदराबाद में ये क्या हो रहा?

हैदराबाद: हैदराबाद में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां अलग-अलग घटनाओं में अज्ञात व्यक्तियों ने दो ‘ट्रांसजेंडर’ व्यक्तियों और दो बेघरों समेत चार लोगों की हत्या कर दी। हैदराबाद पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने दावा करते हुए कहा कि शुरूआती जांच से पता चला है कि दोनों ‘ट्रांसजेंडर’ व्यक्तियों की हत्या उनके किसी करीबी ने ही है। पुलिस हत्यारे की तलाश में जुट गई है। उधर, सड़क कि नारे सो रहे दो लोगों की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या की गई है। पुलिस ने कहा है कि मारे गए लोगों की शिनाख्त भी नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की हर एंगेल से जांच कर रही है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रांसजेंडर व्यक्तियों पर मंगलवार देर रात करीब एक बजे टप्पाचबूतरा थाना इलाके में हमला हुआ। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि दोनों मृत ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की आयु 25 से 30 वर्ष के बीच थी। पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच के आधार पर कहा जा सकता है कि ‘ट्रांसजेंडर’ व्यक्तियों की हत्या करने वाले उनके करीबी हो सकते हैं।
अधिकारी ने कहा कि दोहरे हत्याकांड का मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार सुबह मैलरदेवपल्ली थाना क्षेत्र के अंतर्गत अलग-अलग स्थानों पर सड़क किनारे सो रहे दो लोगों की अज्ञात व्यक्तियों ने पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी।
अधिकारी ने कहा कि दोनों पीड़ितों की पहचान की जा रही है और हत्याओं के कारण का पता लगाया जा रहा है।