Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

एडीएम के विरुद्ध अब प्रतिदिन विरोध प्रदर्शन

सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर।
एडीएम (प्रशासन) और अधिवक्ताओं के मध्य चल रहा विवाद बढता जा रहा है। अधिवक्ताओं द्वारा एडीएम के पुतला दहन के बाद कलक्टरेट के कर्मचारी उनके समर्थन में आए और बार एसोसिएशन पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए कलक्टर को ज्ञापन सौंपा था। इसी बीच सोमवार को अधिवक्ताओं ने एक बैठक हुई। इसमें हरी के बैराज से आने वाले जहरीले कैमिकल युक्त पानी व अतिरिक्त जिला कलक्टर भवानी सिंह पंवार को लेकर चर्चा हुई।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष सीताराम बिश्नोई ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि एडीएम के विरूद्ध प्रतिदिन दोपहर एक बजे जिला कलक्टर कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा हरी के बैराज से आने वाले जहरीले कैमिकल युक्त पानी को बन्द करवाने के लिए अभियान तेज करने का निर्णय लिया गया है। अध्यक्ष सीताराम बिश्नोई ने बताया कि सुबह सोशल मीडिया पर कलक्टरेट के कर्मचारी और अधिकारियों की काम के प्रति जिम्मेवारी भी सार्वजनिक रुप से दिखाई गई। उन्होंने बताया कि नियमानुसार सुबह 9.30 बजे सभी कर्मचारी और अधिकारियों को अपने कार्यालय में पहुंचना अनिवार्य है। परन्तु निर्धारित समय पर इक्का दुक्का कर्मचारियों को छोड़ कोई भी कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर नहीं आया था।
इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता नवरंग चौधरी, विपिन सिद्ध, ओम रावल, चरणदास कम्बोज, जितेन्द्र किनरा,विरेन्द्र सिहाग, ओम यादव, देवेन्द्र रोझ, रमनदीप सिंह चतर्थ, राजेश ग्रेवाल, विश्वेन्द्र बिश्नोई, नीरज सोनी, राजकुमारी जैन सहित अधिवक्ता बैठक और प्रदर्शन में मौजूद रहे।