Wednesday, May 6निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

एशियानेट न्यूज के कोच्चि ऑफिस में केरल पुलिस का छापा:फर्जी खबर फैलाने का आरोप; SFI कार्यकर्त्ता दफ्तर में घुसकर धक्कामुक्की कर चुके हैं

कोच्चि. एशियानेट न्यूज के कोच्चि दफ्तर में केरल पुलिस ने रविवार को छापा मारा है। यह कार्रवाई विधायक पीवी अनवर की शिकायत के बाद की जा रही है। विधायक ने आरोप लगाया है कि एशियानेट ने नाबालिग लड़की का इस्तेमाल कर फर्जी खबर तैयार की और उसे फैलाया है। मामले में पुलिस ने जालसाजी,पॉक्सो सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है।

छापेमारी के बाद से अभी तक पुलिस का बयान नहीं आया है। वहीं, एशियानेट न्यूज के प्रेसिडेंट राजेश कालरा ने कहा कि पुलिस मनगढ़ंत मामले में छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि हमें धमकाने की कोशिश की जा रही है। हमारा न्यूज ग्रुप इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा।

1. CM ने विधानसभा में एशियानेट पर फर्जी खबर फैलाने का आरोप लगाया
मुख्यमंत्री पिनारई विजयन ने विधानसभा में कहा कि 10 अक्टूबर 2022 को एशियानेट न्यूज ने नशीली दवाओं के खतरे पर एक प्रोग्राम दिखाया था। इसमें चैनल ने 14 साल की लड़की का फर्जी इंटरव्यू लिया था। ऐसी फेक न्यूज फैलाने और उसमें नाबालिग लड़की को शामिल करने के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में जांच भी शुरू कर दी गई है।

2. CM के आरोप के बाद चैनल ने नाबालिग के पिता के बयान के साथ खबर चलाई
विधानसभा में CM का बयान आने के बाद एशियानेट न्यूज ने फिर एक खबर चलाई। इसमें नाबालिग लड़की के पिता का स्टेटमेंट था, जिसमें बताया गया कि नशे के खिलाफ जो खबर चलाई गई थी, वह फर्जी नहीं है।

3. SFI के कार्यकर्ताओं ने एशियानेट के कोच्चि ऑफिस पर घुसकर धक्कामुक्की की

3 मार्च को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के करीब 30 कार्यकर्ता एशियानेट के कोच्चि ऑफिस पर घुस गए। सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वह धक्का देते हुए अंदर चले गए। वहां SFI कार्यकर्ताओं ने एशियानेट के खिलाफ नारेबाजी की और कर्मचारियों को धमकाया। वह अपने साथ बैनर और काले झंडे लिए हुए थे। उन्होंने एशियानेट के कर्मचारियों को काम करने से रोका। जब मौके पर पुलिस पहुंची तो सभी कार्यकर्त्ता ऑफिस से निकल गए।

पत्रकार संगठनों ने कहा- यह मीडिया पर हमला है
प्रेस क्लब ऑफ इंडिया, दिल्ली यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स और केरल यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स ने एक साथ मिलकर स्टेटमेंट जारी किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में मीडिया को धमकाने की कोशिश की जा रही है। यह प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला है। संगठनों ने कहा कि SFI कार्यकर्ताओं का ऑफिस में घुसकर धमकी देना सही नहीं है। उम्मीद है कि केरल सरकार एशियानेट पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।

प्रकाश जावड़ेकर ने SFI कार्यकर्ताओं के मीडिया दफ्तर में घुसने की निंदा की
भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने एशियानेट ऑफिस में SFI कार्यकर्ताओं के घुसने की निंदा की है। उन्होंने कहा कि SFI ने एशियानेट न्यूज पर हमला किया है। भारत में प्रेस को स्वतंत्रता है। अगर किसी मीडिया संस्थान से शिकायत है तो कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं, लेकिन इस तरह की हिंसा गलत हैं। मैं इसकी निंदा करता हूं। ऐसा नहीं होना चाहिए।