जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के खेल ग्राउंड में तैयारी करने का मिलेगा अवसर : पूर्व मंत्री डॉ रामप्रताप हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश)। यहां श्री खुशालदास विश्वविद्यालय में नवनिर्मित लॉन टेनिस खेल मैदान का रविवार को सांसद निहालचन्द मेघवाल, पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप, श्रीमती कृष्णा यादव व बाबूलाल जुनेजा ने किया। सांसद निहालचन्द मेघवाल ने इस अवसर पर कहा कि वर्तमान दौर में खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गये हैं। अब खेलों में भी नये अवसर खुल रहे हैं ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह का राष्ट्रीय स्तर का ग्राउंड स्थापित होना खिलाङियो के लिए वरदान सिद्ध होगा। पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप ने कहा कि विवि परिवार ने रेगिस्तान में फूल खिलाने के मुहावरे को अक्षरश: सत्य साबित कर दिया है, जिस जगह पर आज हम इस लॉन टेनिस ग्राउंड का उद्घाटन कर रहे हैं, वहां पर आज से पहले एक रेत का टीला हुआ करता था। इस प्रकार इस क्षेत्र के विकास में इस विवि ने महती भूमिका अदा की है। जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के खेल ग्राउंड में तैयारी करने का अवसर मिलेगा। कुलाधिपति दिनेश जुनेजा ने कहा कि एसकेडी विवि परिवार शिक्षा ही नहीं खेल के क्षेत्र में भी निरंतर नये आयाम स्थापित करने के लिए कटिबद्ध है। शिक्षा जहां मनुष्य को तार्किक बनाती है वही खेल उसे मजबूत बनाता है। खेल मनुष्य को हर परस्थिति में किस प्रकार मजबूती के साथ खड़ा रहना है इसकी सीख देता है और विकट स्थिति में भी धैर्य के साथ आगे बढ़ने की प्ररेणा देता है। इसलिए प्रयास है कि यहां जो भी विद्यार्थी प्रवेश ले उसे तार्किक, धैर्यवान और मजबूत बनाने के लिए काम किया जाये। कुलपति प्रो. (डॉ.) एस. के. दास ने विश्वविद्यालय के इस कदम को ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहां कि आने वाले समय में यहां के छात्र एवं खिलाडी विश्वपटल पर अपनी पहचान स्थापित करने में सक्षम हो पायेंगे क्योंकि उन्हें अपने घर के पास ही पूर्ण सुविधाओं से सुसजित खेल ग्राउंड मिलेगा तो उन्हें अपनी योग्यता को निखारने का भरपूर अवसर प्राप्त होगा। गुरु गोविन्द सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि ट्रस्ट एवं एसकेडी विवि का निरन्तर प्रयास रहेगा कि आने वाले समय में विद्यार्थियों एवं खिलाडियों के लिए अधिकाधिक अवसर प्रदान करने वाले कार्य किये जायें ताकि इस क्षेत्र का नाम रोशन हो सके। आज का समय बहुआयामी प्रतिभाओं का है और यहां आने वाले हर विद्यार्थी की हर प्रतिभा को निखारा जा सके, इसका निरंतर प्रयास रहेगा।