एसपी ने किया उत्तम, अति उत्तम और सर्वाेत्तम सेवा चिह्न से सम्मानित
by seemasandesh
राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पर रिजर्व पुलिस लाइन में हुआ कार्यक्रम हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राजस्थान पुलिस के स्थापना दिवस पर शनिवार सुबह रिजर्व पुलिस लाइन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान परेड, पुलिस सेवा चिह्न वितरण, सेमिनार, पौधरोपण, मेडिकल शिविर व रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह राठौड़ ने परेड की सलामी ली। उत्कृष्ट कार्य करने के लिए 109 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अति उत्तम, 121 को उत्तम और 49 को सर्वाेत्तम सेवा चिह्न वितरण किए। पुलिस लाइन प्रांगण में एसपी ने पौधरोपण किया। इस मौके पर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. राठौड़ ने पुलिस अधिकारियों व जवानों को सम्बोधित करते हुए राजस्थान पुलिस की गौरवशाली परम्पराओं को आगे बढ़ाते हुए इसे सर्वोच्च शिखर पर ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने पुलिस कर्मियों से छोटे-बडेÞ सभी प्रकार के अपराधों पर निष्पक्ष तथा त्वरित कानूनी कार्यवाही करने के साथ ही आमजन से अच्छा व्यवहार करने का आग्रह किया। उन्होंने बीट सिस्टम, कम्युनिटी पुलिसिंग तथा जनसम्पर्क के माध्यम से सूचना तन्त्र को मजबूत कर भावी घटनाओं का पूर्वभ्यास करने व इनसे निपटने के लिये पूर्णत: तैयार रहने की आवश्यकता प्रतिपादित की। एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे उस फोर्स का हिस्सा हैं जो भारत की बेहतरीन फोर्स में शामिल है। उन्हें इस बात का गर्व होना चाहिए कि वे राजस्थान पुलिस से जुड़े हुए हैं। इसलिए अच्छा काम करें। एसपी डॉ. राठौड़ ने बताया कि 16 अप्रैल, 1949 को तत्कालीन राजप्रमुख की ओर से राजस्थान पुलिस एकीकरण अध्यादेश जारी करने के साथ ही राजस्थान पुलिस का गठन हुआ था। उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर नियंत्रण करने एवं संगीन अपराधों को सुलझाने में अच्छे काम के लिए पुलिस जवानों को बधाई दी। इस मौके पर एएसपी जस्साराम बोस, एएसपी नीलम चौधरी, सीओ सिटी प्रशांत कौशिक, रावतसर सीओ पूनम चौहान, आरआई हरीसिंह देपावत सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। इस कार्यक्रम के बाद पुलिस जवानों व उनके परिजनों के स्वास्थ्य जांच के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया। इसके अलावा रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में कई पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने रक्तदान किया। शिविर में कुल 24 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ। उधर, राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के मौके पर जिला मुख्यालय के विभिन्न ट्रेफिक पोस्ट एवं मुख्य स्थलों पर पुलिस स्थापना दिवस संबंधी होर्डिंग्स लगाए गए।