होबार्ट
एशेज सीरीज कां पांचवां मैच 146 रन से जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की सीरीज 4-0 से जीत ली है। इसके साथ ही पैट कमिंस ने ऑस्ट्रेलिया के कप्तान के रूप में शानदार शुरुआत की है। बतौर कप्तानी अपनी ही सीरीज में उन्होंने न सिर्फ ऑस्ट्रेलिया को चैंपियन बनाया बल्कि बड़े अंतराल से सभी मैच जीते हैं। टेस्ट सीरीज जीतने के बाद कमिंस ने अपने एक फैसले से क्रिकेट फैंस का दिल भी जीत लिया है। उन्होंने उस्मान ख्वाजा को अपनी टीम के जश्न में शामिल करने के लिए शराब किनार रखवा दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग ख्वाजा की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
एशेज सीरीज 4-0 से जीतने के बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ट्रॉफी के साथ जश्न मना रहे थे और शैंपेन (एक तरह की शराब) की बॉटल खोलने की तैयारी कर रहे थे। उस्मान ख्वाजा बाकी खिलाड़ियों से अलग खड़े होकर यह सब देख रहे थे। कमिंस ने जैसे ही यह देखा कि शैंपेन खुलने की वजह से ख्वाजा जश्न का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। वैसे ही उन्होंने अपने साथी खिलाड़ियों को ऐसा करने से मना कर दिया और ख्वाजा को टीम के साथ जश्न मनाने के लिए बुला लिया।