नई दिल्ली
तमिलनाडु के कन्याकुमारी से 150 दिनों के लिए निकली राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में एयर कंडीशनर युक्त कंटेनरों का बड़ा रोल है। करीब 60 कंटेनरों में राहुल गांधी समेत बाकी कांग्रेसी नेताओं, सुरक्षाकर्मियों की व्यवस्था की गई है। इन कंटेनरों को मिनी घर कह सकते हैं। कंटेनर नंबर 1 में राहुल गांधी के लिए खास व्यवस्था की गई है। 12 राज्यों में पैदल मार्च के दौरान राहुल गांधी और बाकी कांग्रेसी नेता इन कंटेनरों में विश्राम करेंगे। आइए, देखते हैं इन कंटेनरों के अंदर किस तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं।
भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी और अन्य करीब 120 कांग्रेसी नेताओं के साथ-साथ चल रहे इन 60 एयरकंडीशनर्स कंटेनरों में आराम की खास व्यवस्था की गई है। कांग्रेस पार्टी की ओर से करीब पांच महीने तक चलने वाली इस पैदल यात्रा में ये कंटेनर कांग्रेसी नेताओं को बूस्ट और तरोताजा रखेंगे।
कंटेनर नंबर 1 में राहुल गांधी
इन कंटेनरों को कलर जोन में बांटा गया है। येलो जोन, ब्लू, रेड और ऑरेंज जोन। जबकि गुलाबी रंग के जोन के कंटेनरों में महिला कर्मियों के लिए व्यवस्था की गई है। येलो जोन खास है। इसमें कंटेनर नंबर 1 राहुल गांधी के लिए खास तौर पर तैयार किया गया है। इसमें एक सोफा, डबल बेड के अलावा अटैच्ड बाथरूम भी है। वहीं, राहुल गांधी के सुरक्षाकर्मियों के लिए कंटेनर नंबर दो में व्यवस्था की गई है। वहीं, एक कंटेनर को मिनी कांफ्रेंस हॉल के रूप में बदला गया है जहां, आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।