जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में तंत्र-मंत्र और पूजा के नाम पर एक कथित तांत्रिक ने सास और बहू के साथ दुष्कर्म किया है। भूत के साये और परिवार के एक स्वजन की मौत का डर दिखाकर आरोपित तांत्रिक ने सास-बहू को नग्न अवस्था में आंख बंद कर के एक साथ बिठाकर पूजा-अर्चना की।
इस दौरान आरोपित ने दोनों के फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद फोटा व वीडियो दिखाकर दोनों को सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। आरोपित ने उनके साथ तीन साल तक दुष्कर्म किया।आखिकार आरोपित से परेशान होकर सास-बहू ने शहर के भांकरोटा पुलिस थाने में कथित तांत्रिक जयेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
पीड़िता का आरोप है कि जयेंद्र ने दोनों से करीब 20 लाख रुपये की रकम और जेवरात भी ले लिए। पुलिस थाना अधिकारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया की पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू की गई। उन्होंने बताया कि 50 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि 2018 में उसका स्वास्थ्य खराब रहने लगा तो किसी की पहचान से जयेंद्र उनसे मिला।
जयेंद्र ने घर में भूत का साया होने और एक सदस्य की मौत होने की बात कही। उसने इससे बचने के लिए नग्न होकर पूजा करने की बात कही। पीड़िता इसके लिए तैयार हो गई। इसके बाद 1 दिसंबर, 2018 को उसने पीड़िता के घर में पहले बार कथित रूप से पूजा करवाई। पीड़िता को नग्न अवस्था में बैठने के लिए कहा। ऐसा नहीं करने पर उसके बेटे की मौत की बात कही। इस पर वह नग्न अवस्था में पूजा में बैठने के लिए तैयार हो गई। इसी दौरान जयेंद्र का पीड़िता की 25 वर्षीय बहू से संपर्क हो गया। उसने 21 अप्रैल,2021 से लेकर कुछ दिनों पहले तक बहू के साथ भी कई बार दुष्कर्म किया। दोनों के वीडियो और फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर पैसे और जेवरात भी ले लिए। जयेंद्र की हरकतों से परेशान होकर तीन दिन पहले दोनों पीड़िताओं ने यजेंद्र के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।