नई दिल्ली
टीम इंडिया के स्टार स्पिनर आर अश्विन (R Ashwin) ने टेस्ट क्रिकेट में एक और खास मुकाम हासिल कर लिया है। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में कपिल देव (Kapil Dev) के बाद अब डेल स्टेन (Dale Steyn) को भी पीछे छोड़ दिया है। श्रीलंका के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट मैच के तीसरे दिन धनंजय डिसिल्वा को आउट करते ही अश्विन ने 440वां टेस्ट विकेट झटका। स्टेन के खाते में कुल 439 टेस्ट विकेट दर्ज हैं।
स्टेन ने दक्षिण अफ्रीका की ओर से 93 टेस्ट मैचों में 439 टेस्ट विकेट लिए हैं, जबकि अश्विन ने 86वें टेस्ट में ही यह आंकड़ा पार कर लिया है। अश्विन ने इस सीरीज के पहले टेस्ट मैच में 435वां टेस्ट विकेट लेकर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कपिल देव को पीछे छोड़ा था, जिनके खाते में 434 टेस्ट विकेट थे। इस सीरीज की शुरुआत से पहले अश्विन के खाते में 430 टेस्ट विकेट दर्ज थे और वह सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने के मामले में टॉप-10 गेंदबाजों में भी शामिल नहीं थे।