Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कब्जा हटवाने व सरपंच पुत्र के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग

  • ग्रामीणों ने जिला कलक्टर के नाम उपखण्ड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    ग्राम पंचायत 2 केएनजे में गली से कब्जा हटवाने व सरपंच पुत्र के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने गुरुवार को जिला कलक्टर के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। चक 2 केएनजे के वार्ड 4 व 6 निवासी ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड 4 व 6 में से बलदेव सिंह पुत्र संतासिंह बाजीगर सहित करीब 15 घरों का रास्ता है। यही रास्ता गुरुद्वारा साहिब को भी जाता है। इस गली में मनजिन्द्र मण्डल नामक व्यक्ति ने कब्जा कर निर्माण कर रखा है। इस कारण गली पूरी तरह से बंद हो गई है। आने-जाने को रास्ता नहीं बचा है। ग्रामीणों के अनुसार जब वे कब्जा हटवाने की मांग को लेकर ग्राम पंचायत सरपंच जीवणी देवी से मिलने गए तो उन्हें सरपंच का पुत्र रतन धवल मिला। ग्रामीणों ने उसे अपनी समस्या बताई तो रतन धवल ने कहा कि यह कब्जा नहीं है, इसलिए नहीं हटाएंगे। यह उनका निजी आदमी है। साथ ही कहा कि वहां पर मनजिन्द्र के कब्जे तक पंचायत के सरकारी पैसे से नाली व सड़क बना कर दी जाएगी। मनजिन्द्र के कब्जे से रास्ता बंद होता है तो पंचायत को कोई मतलब नहीं, कब्जा नहीं हटने देंगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच पुत्र रतन धवज कब्जाधारी से मिला हुआ है। इसलिए सरकारी पैसे का दुरुपयोग कर रातोंरात नाली बनाकर चौके लगवा दिए। रतन ने कहा कि वह पहला पट्टा भी मनजिन्द्र का ही बनवाकर देगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच पुत्र रतन खुद ही सरपंच के हस्ताक्षर करता है व मोहर भी लगाता है। सरपंच पुत्र की कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सरपंच पुत्र बिना स्वीकृति के काम करवा देता है एवं स्वीकृति वाले काम नहीं होने देता। रतन अपने साथ कई लोगों को रखता हैं। ये लोग किसी को भी सरपंच से मिलने नहीं देते। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत 2 केएनजे में गली से कब्जा हटवाने व सरपंच पुत्र के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग ज्ञापन के माध्यम से की। इस मौके पर बलदेव सिंह, जसविन्द्र, रानी, छिन्द्रकौर, रोशनी, मनजीत कौर, मोहनलाल, सोनू, पालासिंह, अजमेर सिंह, पप्पू, कालासिंह, जोगेन्द्रसिंह, दर्शनसिंह, जरनैल सिंह, ममता, राजवीर कौर, विमला, रामसेवक, सुनील आदि मौजूद थे।