Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कर्नाटक के मठ में लिंगायत संत ने दी जान

बेंगलुरू

कर्नाटक में एक लिंगायत संत के मृत पाए जाने के बाद सनसनी फैल गई। यह संत बेलागावी जिला स्थित बेलहोंगल के नजदीक नेगिनहाल गांव स्थित मठ के अपने कमरे में मरे पाए गए। इस संत का नाम बसव सिद्धालिंगा स्वामी बताया गया है। 28 साल के यह संत श्री गुरु मदिवलेश्वर मठ से ताल्लुक रखते थे। सोमवार सुबह उनके अनुयायियों द्वारा कई बार पुकारने पर भी जब जवाब नहीं मिला तो उनके कमरे का दरवाजा तोड़ना पड़ा था। दरवाजा तोड़ने पर उनका शव कमरे में पाया गया।

सुसाइड नोट बरामद
पुलिस के मुताबिक संत का एक कथित सुसाइड नोट बरामद किया है। हालांकि सुसाइड नोट में क्या लिखा है, इस बारे में अभी तक पता नहीं चल सका है। वहीं मौत की सही वजह तलाशने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक यह संत एक वीडियो को लेकर काफी ज्यादा अपसेट थे। इस वीडियो में दो महिलाएं कर्नाटक के कुछ मठों में सेक्सुअल असॉल्ट को लेकर चर्चा कर रही हैं। गौरतलब है कि कर्नाटक में लिंगायत मठ के संत शिवमूर्ति मुरुघा शरणारू को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। संत शिवमूर्ति मुरुघा पर नाबालिगों से यौन शोषण करने का आरोप है।

अनौपचारिक चर्चा में कही थी बात
यह भी सामने आया है कि अपने कुछ अनुयायियों के साथ अनौपचारिक चर्चा में उन्होंने एक ऑडियो क्लिप के बारे में भी बात की थी। बताया जाता है कि इस ऑडियो क्लिप में दो महिलाएं कुछ संतों के चरित्र पर सवाल उठा रही हैं। साथ ही उनके रिश्तों को लेकर भी बात कर रही हैं। पुलिस को शक है कि संत द्वारा आत्महत्या का कदम उठाए जाने के पीछे यह भी एक वजह हो सकती है।