नई दिल्ली
कर्नाटक में एक ठेकेदार संतोष पाटिल की मौत का मामला तुल पकड़ लिया है। कर्नाटक के ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री केएस ईश्वरप्पा और उनके दो करीबी सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के कुछ घंटों बाद, उनके भाई ने न्याय की मांग की है। ठेकेदार के भाई ने कहा कि मंत्री केएस ईश्वरप्पा, बसवराज और रमेश को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
ठेकेदार के भाई प्रशांत पाटिल ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा ‘उनके भाई को न्याय मिलना चाहिए। जिन लोगों के नाम एफआईआर में दर्ज हैं, उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए और जब तक ऐसा नहीं होगा तब तक वो अपने भाई का शव नहीं लेगा।’ ठेकेदार की मौत को लेकर, राज्य के ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री के एस ईश्वरप्पा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ईश्वरप्पा को इस मामले में प्रथम आरोपी बनाया गया है। ठेकेदार संतोष पाटिल उडुपी के एक लॉज में संदिग्ध अवस्था में मृत पाए गए थे। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि इस मामले में सच्चाई का पता लगाने के लिए वह खुद ईश्वरप्पा से बात करेंगे।