नयी दिल्ली (वार्ता). कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए मतदान एक ही दिन में 10 मई को कराए जाएंगे।
आयोग ने बुधवार को राज्य विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा करते हुए कहा कि मतगणना 13 मई को करायी जाएगी।
आयोग वहां चुनाव के लिए अधिसूचना 13 अप्रैल को जारी करेगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बुधवार को यहां विशेष संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा करते हुए कहा कि कर्नाटक में इस बार चुनाव में कुल पांच करोड़ 24 लाख से अधिक मतदाता चुनाव नतीजे तय करेंगे। विज्ञान भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय और अरुण गोयल भी मौजूद थे।
कर्नाटक विधानसभा का कार्यकाल 24 मई को समाप्त हो रहा है। कर्नाटक में विधानसभा का पिछला चुनाव मई 2018 में कराया गया था।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि चुनाव के लिए अधिसूचना 13 अप्रैल को जारी होगी, नामांकन दाखिल करने की आखिरी तिथि 20 अप्रैल होगी। नामांकन 24 अप्रैल तक वापस लिए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में एक चरण में 10 मई को मतदान होगा और 13 मई को मतगणना होगी।