नई दिल्ली
पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल ने बताया कि जब बाबर आजम को कप्तान बनाया गया था, तब उन्होंने इस खिलाड़ी को कहा था कि अभी कप्तानी मत लो। एशिया कप 2022 में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम की कप्तानी की काफी आलोचना हुई है। पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम, राशिद लतीफ और मोईन खान जैसे दिग्गजों ने भी बाबर की कप्तानी पर सवाल खड़े किए। एशिया कप 2022 फाइनल में पाकिस्तान की हार के बाद ही कामरान ने भी यह बात कही।
हाफिज मोहम्मद इमरान के साथ यूट्यूब सेशन के दौरान कामरान ने अपनी बात रखी। उनसे जब पूछा गया कि क्या कभी कप्तानी को लेकर उनकी बाबर से बात हुई है, तो उन्होंने कहा, ‘जब मुझे पता चला था कि उसे कप्तान बनाया गया है। मैंने तब उनसे कहा था कि मुझे नहीं लगता कि आपको अभी कप्तान बनना चाहिए। आपको अगले तीन-चार साल में बढ़िया प्रदर्शन करना चाहिए… अभी पूरा बैटिंग लाइनअप आपके भरोसे है।’